Cricket News: श्रीलंका की अंडर-19 क्रिकेट टीम से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने खेल जगत को झकझोर दिया है. दो युवा खिलाड़ियों पर आरोप है कि उन्होंने एक होटल में ठहरी महिला डॉक्टरों की निजता का उल्लंघन करते हुए उनकी आपत्तिजनक वीडियो गुप्त रूप से रिकॉर्ड की. यह घटना कोलंबो के नाराहेनपिटा इलाके के एक निजी होटल में हुई बताई जा रही है, जहां डॉक्टर किसी पेशेवर सम्मेलन के लिए रुकी थीं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों ने बाथरूम में मौजूद एक छोटे छेद का इस्तेमाल कर मोबाइल फोन से महिलाओं के नहाने के दौरान वीडियो बनाई. मामला सामने आते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ अन्य लोगों की भी बिना जानकारी के रिकॉर्डिंग की गई थी.
पुलिस ने दोनों खिलाड़ियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उन्हें अदालत में पेश किया गया. कोर्ट ने उन्हें निजी मुचलके पर जमानत दे दी है और अगली सुनवाई के लिए तारीख तय की है. फिलहाल अधिकारियों द्वारा उनके मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो कहीं साझा या अपलोड तो नहीं किए गए.
इस घटना ने श्रीलंका क्रिकेट की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बोर्ड की ओर से कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है, हालांकि फिलहाल खिलाड़ियों की पहचान उजागर नहीं की गई है. यह मामला युवा खिलाड़ियों के आचरण और खेल में नैतिक मूल्यों को लेकर नई बहस छेड़ रहा है.