नई दिल्ली: 4 मई को शेयर बाजारों में भारी तेजी दर्ज की गई. सुबह के कारोबार में सेंसेक्स करीब 767 अंक की बढ़त के साथ खुला, जबकि निफ्टी भी 178 अंक ऊपर चढ़कर शुरू हुआ. गिफ्ट निफ्टी की मजबूत शुरुआत ने बाजार में सकारात्मक संकेत दिए थे, लेकिन इस स्तर की तेजी कई विशेषज्ञों के लिए भी अनुमान से ज्यादा थी. मुख्य वजह चुनावी रुझानों में दिख रही सकारात्मकता मानी जा रही है. अब तक के रुझान एग्जिट पोल के अनुमानों से काफी मेल खाते नजर आ रहे हैं.
चुनावी रुझान का असर!
पश्चिम बंगाल में बीजेपी टीएमसी पर अच्छी बढ़त बनाए हुए है. अगर यही स्थिति बनी रही तो राज्य में सरकार बदल सकती है. ममता बनर्जी की पार्टी काफी पीछे दिख रही है. केरल में यूडीएफ, एलडीएफ से आगे चल रहा है. असम में बीजेपी ने कांग्रेस पर बड़ी बढ़त हासिल कर ली है. तमिलनाडु में डीएमके मजबूत स्थिति में, जबकि एआईडीएमके पीछे है.
प्रमुख शेयरों का प्रदर्शन
तेजी के दौरान Bajaj Auto, Maruti Suzuki, Vedanta, Jindal Steel, Adani Ports और HUL जैसे शेयरों में अच्छी खरीदारी देखी गई. वहीं Avenue Supermarts, Kotak Mahindra Bank, Dr. Reddy's और TVS Motor जैसे कुछ शेयर दबाव में रहे.
विभिन्न सेक्टर और बाजार की स्थिति
बाजार की खासियत यह रही कि सभी सेक्टर के इंडेक्स हरे निशान पर थे. ऑटो, FMCG, पावर और टेलीकॉम सेक्टर में 1% के आसपास की बढ़त रही. मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 0.7% ऊपर थे. इससे साफ है कि बाजार का मूड काफी मजबूत है.
वीआईएक्स में गिरावट
India VIX में करीब 3.3% की कमी आई, जो बाजार में अनिश्चितता और डर घटने का संकेत है. VIX के नीचे आने से आमतौर पर शेयर बाजार में तेजी का माहौल बनता है.
पश्चिम बंगाल में संभावित बदलाव
अगर बीजेपी पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है तो 15 साल बाद राज्य में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन होगा. भाजपा राज्य में नई नीतियों के साथ औद्योगिक विकास और पुरानी छवि को फिर से बहाल करने पर जोर दे सकती है. एक समय पश्चिम बंगाल औद्योगिक रूप से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल था.