हिमाचल प्रदेश के परवाणू थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 5 पर बोलेरो SUV पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. पीड़ित की पहचान देवराज के रूप में हुई है. चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए परवाणू के ईएसआई अस्पताल ले जाया गया. बोलेरो कैंपर जालंधर से शिमला 'अजीत समाचार' नामक अखबार लेकर जा रहा था. गांड़ी में 8-9 यात्री सवार थे.
कहा जा रहा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही कैंपर में यात्रा कर रहे अन्य लोग बसों और परिवहन के अन्य साधनों से अपने गंतव्य के लिए निकल गए थे. पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच जारी है.
मौसम को लेकर चेतावनी जारी
इस बीच, हिमाचल यातायात, पर्यटक और रेलवे पुलिस ने भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी को लेकर जानकारी दी है. लोगों को पहाड़ी इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी जाती है, क्योंकि ट्रैकिंग खतरनाक हो सकती है. खराब मौसम और बिजली गिरने की स्थिति में घर के अंदर ही रहें.
लोगों को किया गया जागरूक
पुलिस की सलाह में लोगों से बारिश के दौरान नदियों या नालों में प्रवेश न करने के लिए भी कहा गया है, क्योंकि इससे जल स्तर अचानक बढ़ सकता है. मौसम के पूर्वानुमान और चेतावनियों का पालन करें. ग्राम पंचायत प्रधान, सदस्यों, गैर-सरकारी संगठनों, ट्रेकर्स और पैदल यात्रियों से अपील की जाती है कि वे इस जानकारी को लोगों तक पहुंचाएं और जागरूकता फैलाएं.