गाजियाबाद : जनपद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के दो पदाधिकारियों के बीच उपजा विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है. भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष ने पार्टी के ही जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है.
पीड़िता दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी नितिन मित्तल ने व्हाट्सएप चैट के माध्यम से उनके खिलाफ अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चैट के दौरान न केवल महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां की गईं, बल्कि अंतर्वस्त्रों से संबंधित अत्यंत आपत्तिजनक बातें भी लिखी गईं. हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता की पुत्रवधू का नाम लेकर भी अशोभनीय टिप्पणी की.
इस घटना को लेकर स्थानीय राजनीति में उबाल है. जिला उपाध्यक्ष ने इस मामले को सामाजिक मर्यादा और महिला सम्मान के विरुद्ध बताते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए वह महिला आयोग की सदस्य हिमानी अग्रवाल से भी मिलीं और उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया.
मोदीनगर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों व्हाट्सएप चैट को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है. वहीं, पार्टी स्तर पर भी इस विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हैं, हालांकि संगठन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.