टीम इंडिया ने रविवार 6 अक्टूबर को ग्वालियर में खेले गए 3 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. इस मैच में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया. भारत ने केवल 11.5 ओवर में ही लक्ष्य का पीछा कर लिया. इस जीत के साथ, भारत ने टी20 इंटरनेशनल मैचों में एक बहुत बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर भारतीय टीम ने बड़ा इतिहास रच दिया है. दरअसल ग्वालियर में खेले गए पहले टी20 मैच में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को ऑल आउट किया था. ये 42 वां मौका था जब इंटरनेशनल टी20 मैचों में भारतीय टीम ने किसी टीम को ऑलआउट किया हो. इस तरह, भारत ने पाकिस्तान के रिकॉर्ड को भी बराबर कर लिया, जिसने 245 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी. भारत ने अपने 236वें मैच में ही यह रिकॉर्ड बना लिया है.
इस मैच में बांग्लादेश की टीम सिर्फ 127 रन बनाकर 19.5 ओवर में आउट हो गई. भारत ने 49 गेंदें शेष रहते हुए जीत हासिल की, जो कि 100 से अधिक रन के लक्ष्य को हासिल करने में भारतीय टीम द्वारा की गई सबसे बड़ी जीत है. पहले का रिकॉर्ड 41 गेंदों का था, जो 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया गया था.
भारत की जीत में प्रमुख योगदान देने वाले तीन खिलाड़ी थे - वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पांड्या, और अर्शदीप सिंह. अर्शदीप सिंह ने 3.5 ओवर में केवल 14 रन देकर तीन विकेट लिए और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' घोषित किया गया. वरुण चक्रवर्ती ने भी तीन विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या ने 39 रन बनाकर मैच में अहम भूमिका निभाई.
आपको बता दें, भारत और बांग्लादेश के बीच अभी 2 मैच और बचे हैं और उम्मीद की जा रही है टीम इंडिया इसी सीरीज में पाकिस्तान के रिकॉर्ड को पछाड़ देगी. टी20 इंटरनेशनल मैचों में अपने विरोधी टीम को ऑलआउट करने के मामले में न्यूजीलैंड तीसरे नंबर पर है. न्यूजीलैंड ने अपने विरोधियों को 40 बार ढेर किया है. चौथे नंबर की टीम देखकर आप चौंक सकते हैं. इस लिस्ट में चौथे नंबर पर नाम युगांडा का है, जिसने विरोधी टीमों को 35 बार ऑलआउट किया है. वेस्टइंडीज (32) पांचवें नंबर पर है.