नई दिल्ली: गुजरात से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के कैंसर से पीड़ित और बिस्तर पर होने के बाद अपनी नाबालिग बेटी के साथ यौन शोषण शुरू कर दिया. यह शोषण लगभग चार साल तक चलता रहा, जब तक कि लड़की घर से भागकर इस अपराध का खुलासा नहीं कर दिया. यह घटना राजकोट जिले के उपलेटा इलाके की है. यहां 19 साल की एक युवती अचानक अपने माता-पिता के घर से लापता हो गई.
उसके पिता ने पुलिस थाने में जाकर लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद उपलेटा पुलिस और राजकोट ग्रामीण लोकल क्राइम ब्रांच की टीमों ने तलाश शुरू की. जल्द ही युवती को ढूंढ लिया गया और पूछताछ के लिए लाया गया. पूछताछ के दौरान जो बात सामने आई, उसने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी.
सालों से जबरदस्ती कर रहा था पिता
पूछताछ में युवती ने बताया कि उसके पिता ने उसका यौन शोषण नाबालिग अवस्था से ही शुरू कर दिया था. उसने कहा कि यह सब तब शुरू हुआ जब उसकी मां को कैंसर हुआ और वह बिस्तर पर चली गईं. पीड़िता ने कहा कि पिछले तीन-चार साल से वह मुझ पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता रहा. पीड़िता के अनुसार, पिता रात में उसके साथ बलात्कार करता था और चुप रहने की धमकी देता था. उसने बताया कि वह पहले पोर्न वीडियो चलाता था और फिर टीवी की आवाज बहुत तेज कर देता था ताकि उसकी चीखें या विरोध की आवाज किसी को सुनाई न दे. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह यौन उत्पीड़न घर के अंदर लंबे समय से चल रहा था, बिना किसी और को पता चले.
पूछताछ में आरोपी ने किया जुर्म कबूल
युवती के बयान के बाद पुलिस ने उसके पिता से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया, पुलिस अधिकारियों ने बताया. शिकायत के आधार पर उपलेटा पुलिस थाने में बलात्कार और POCSO एक्ट (बच्चों का यौन शोषण से संरक्षण अधिनियम) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़िता ने शोषण का विस्तृत ब्यौरा दिया. आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की. हमने उसे हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है.
कमरे से बरामद हुआ सबूत
भतीजी के साथ भी की जबरदस्ती
आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को एक और परेशान करने वाली बात पता चली. इस व्यक्ति पर पिछले कुछ सालों से अपनी भतीजी के साथ भी यौन शोषण करने का संदेह है. राजकोट ग्रामीण पुलिस ने कहा कि इस पहलू की अलग से जांच चल रही है. एक अधिकारी ने बताया कि भतीजी की काउंसलिंग के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
चौथे स्टेज के कैंसर से जूझ रही पत्नी
आरोपी की पत्नी पिछले लगभग चार साल से कैंसर से पीड़ित हैं और बिस्तर पर हैं. पुलिस ने बताया कि वह वर्तमान में चौथे स्टेज के कैंसर से जूझ रही हैं.
पति की गिरफ्तारी के बाद उनकी देखभाल और इलाज को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है. राजकोट ग्रामीण पुलिस ने जिला विकास अधिकारी के साथ मिलकर स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया है ताकि उनकी तत्काल और उचित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा सके.
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह परिवार के अंदर हुआ एक गंभीर अपराध है. यह दिखाता है कि नाबालिग बच्चे अपने ही घर में शिकार कैसे बन सकते हैं. हम सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़िता को सहायता सुनिश्चित कर रहे हैं. पुलिस ने बताया कि जांच अभी जारी है और फोरेंसिक रिपोर्ट तथा अतिरिक्त बयानों के आधार पर और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं. पीड़िता के लिए काउंसलिंग और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है जबकि मामला आगे बढ़ रहा है.