संभल में होली के मौके पर तनाव: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में होली के मौके पर एक दुखद घटना ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. थाना कुढ़ फतेहगढ़ के अंतर्गत आने वाले गुरसरी गांव में बुधवार को होली मिलन के दौरान शुरू हुआ मामूला रात में हिंसक झड़प में तब्दील हो गया.
सूत्रों के अनुसार, गांव में होली के उत्सव के समय अभिवादन के तरीके को लेकर दो समूहों के बीच मतभेद उत्पन्न हुआ. सुबह के समय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया था, लेकिन बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि (लगभग 12 से 1 बजे के बीच) विवाद दोबारा भड़क उठा. यह जल्द ही लाठी-डंडों और पथराव में बदल गया.
झड़प में दोनों तरफ से कुल करीब 10 लोग घायल हुए, जिनमें एक महिला भी शामिल है. घायलों में एक पक्ष से कविता, अरुण, विशाल और विनीत का नाम आया है, जबकि दूसरे पक्ष से कुलदीप, जुगेंद्र समेत अन्य लोग चोटिल हुए. सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी और जिला अस्पताल संभल में कराया गया.
पुलिस ने दोनों पक्षों से शिकायतें दर्ज की हैं. अरुण चौधरी की तहरीर पर मेवाराम, रायबहादुर, हरिशंकर, हरिओम, बंटी और बृजेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. वहीं राजपाल सिंह ने भी पांच लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज और हमले का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई.
घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां भीम आर्मी के कुछ सदस्य भी मौजूद रहे. थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि पूरी घटना की गहन जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें होली मिलन के दौरान 'राम-राम' के जवाब में 'जय भीम' कहे जाने की बात कही जा रही है. हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि और सत्यता की जांच कर रही है. स्थानीय प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं और आगे कोई अप्रिय घटना न हो, इस पर नजर बनाए हुए है.