बड़ा खुलासा! अभिषेक बनर्जी पर हमला करने वाले निकले TMC की पूर्व विधायक के करीबी

Amanat Ansari 31 May 2026 02:41: PM 1 Mins
बड़ा खुलासा! अभिषेक बनर्जी पर हमला करने वाले निकले TMC की पूर्व विधायक के करीबी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हुए हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. गिरफ्तार किए गए पांचों हमलावर TMC की पूर्व विधायक और हालिया प्रत्याशी लवली मैत्रा के करीबी निकले हैं. पुलिस ने हमले के वीडियो के आधार पर तपन मैती, निर्मल्य सेनगुप्ता (जॉय), काजल दास, देबासिस दत्ता और आकाश गयान को गिरफ्तार किया था. इनमें तपन और निर्मल्य को लवली मैत्रा का करीबी बताया जा रहा है, जबकि अन्य आरोपियों के भी उनके संपर्क में होने के तार जुड़े हैं.

कौन हैं लवली मैत्रा?

लवली मैत्रा टीएमसी की पूर्व विधायक हैं. उन्होंने 2021 में सोनारपुर दक्षिण सीट से जीत हासिल की थी. इस बार भी TMC ने उन्हें टिकट दिया, लेकिन वे भाजपा की रूपा गांगुली से चुनाव हार गईं. आकाश गयान के परिवार का कहना है कि वह टीएमसी का सक्रिय कार्यकर्ता था और चुनाव के दौरान बूथ स्तर की बैठकों में नियमित रूप से शामिल होता था. घटना के दिन भी वह सामान्य दिन की तरह घर आया, खाना खाया और फुटबॉल खेलने चला गया. बाद में रात में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

शनिवार को अभिषेक बनर्जी चुनावी हिंसा के पीड़ित परिवार से मिलने सोनारपुर पहुंचे थे. इसी दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया, अंडे, जूते और पत्थर फेंके. अभिषेक को क्रिकेट हेलमेट पहनाकर बचाया गया. झड़प में उनकी कमीज भी फट गई थी.

TMC ने पहले इस हमले के लिए BJP को जिम्मेदार ठहराया था, जबकि BJP ने इसे 15 साल के TMC शासन के खिलाफ जनता के गुस्से का नतीजा बताया था. अब इस खुलासे के बाद TMC के अंदर असंतोष की चर्चा तेज हो गई है. पुलिस अभी हमले की असली वजह की जांच कर रही है. यह मामला पश्चिम बंगाल की सियासत को नया मोड़ देता दिख रहा है.

Mamata Banerjee West Bengal Abhishek Banerjee

Recent News