कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य में छह महीने के अंदर समान नागरिक संहिता (यूनिफॉर्म सिविल कोड - UCC) लागू कर दी जाएगी. उन्होंने उत्तराखंड और गुजरात का हवाला देते हुए कहा कि बंगाल भी इन राज्यों के नक्शेकदम पर चलेगा.
एक सभा को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा, ''उत्तराखंड और गुजरात के बाद पश्चिम बंगाल में भी UCC लागू होगा. मैं वादा करता हूं, मुझे छह महीने दीजिए.'' UCC लागू होने के बाद सरकार लव जिहाद, लैंड जिहाद और जबरन धार्मिक धर्मांतरण के खिलाफ कड़े कानून लाएगी.
अधिकारी ने कहा कि UCC के बाद मैं लव जिहाद, लैंड जिहाद और धार्मिक धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त कानून बनाने का काम करूंगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रोजगार बढ़ाने की अपील भी की और कहा कि बाहर से घुसपैठ करने वालों को पूरी तरह उखाड़ फेंकना होगा. उन्होंने कहा कि मोदी जी, हमें रोजगार दीजिए... जो बाहर से अंदर घुसे हैं, उन्हें एकजुटता और संगठन से निपटना होगा.
पिछली सरकार पर आरोप
सुवेंदु अधिकारी ने पिछली सरकार पर आरोप लगाया कि उसने विभिन्न समुदायों के बीच विभाजन पैदा किया. उन्होंने कहा कि तमांग, लेपचा, राई, राजबंशी, मातुआ, ठाकुरबाड़ी, कुर्मी और आदिवासियों समेत कई समुदायों को बांटने का काम किया गया. उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार ने हमें बांटा. अब राष्ट्रीयता वाली सरकार आई है और सपने अधूरे नहीं रहेंगे.
धार्मिक कार्यक्रमों की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कोलकाता में बड़े धार्मिक कार्यक्रमों की भी घोषणा की. 17 नवंबर को हनुमान चालीसा पाठ और 29 दिसंबर को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा. सुवेंदु अधिकारी के इन ऐलानों से राज्य की सांस्कृतिक और राजनीतिक पहचान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा तेज होने की उम्मीद है.