दृश्यम 3 देखकर पिता की हत्या की साजिश, 2000 किमी का सफर... पत्नी को एक कॉल ने खोली पोल

Amanat Ansari 04 Oct 2026 03:40 PM 1 Mins
दृश्यम 3 देखकर पिता की हत्या की साजिश, 2000 किमी का सफर... पत्नी को एक कॉल ने खोली पोल

पटना/समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. सूरत में रहने वाले 26 वर्षीय शिव शंकर ने बॉलीवुड फिल्म ‘दृश्यम 3’ से प्रेरित होकर करीब 2000 किलोमीटर का सफर तय कर अपने पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. उसने फोन बंद रखा और सावधानी से वापस लौटने की कोशिश की, लेकिन पत्नी को किया गया एक फोन कॉल उसकी पूरी योजना को बेनकाब कर गया.

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात समस्तीपुर के दरवा गांव में 50 वर्षीय रघुवीर सहनी अपने घर के बाहर सो रहे थे. बेटा शिव शंकर घर के पिछले दरवाजे से घुसा, घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सोए हुए पिता पर हमला कर दिया. हत्या के बाद वह कुल्हाड़ी वहीं छोड़कर वापस सूरत की ओर रवाना हो गया. शिव शंकर का अपने पिता से जमीन विवाद और दुर्व्यवहार को लेकर पहले से मतभेद था. सूरत में काम करने वाले शिव शंकर ने वहां थिएटर में ‘दृश्यम 3’ देखी.

फिल्म में अपराध को छिपाने और गलत टाइमलाइन बनाने की कहानी से प्रभावित होकर उसने हत्या की योजना बनाई. यात्रा से पहले उसने मोबाइल फोन बंद कर दिया. पटना होते हुए हाजीपुर और फिर पटोरी स्टेशन पहुंचकर वह गांव पहुंचा. हत्या के बाद पटोरी स्टेशन पर उसने फोन ऑन किया और पत्नी को कॉल की. फिर फोन फिर से बंद कर दिया. यही छोटी-सी गलती पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बनी.

शिव शंकर पिता के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ. टेक्निकल सर्विलांस से पता चला कि हत्या वाले दिन उसका फोन पटोरी स्टेशन के आसपास सक्रिय था और 36 घंटे बाद सूरत में दिखा. कॉल डिटेल से पत्नी से बातचीत का पता चलने के बाद पुलिस ने सूरत में उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में शिव शंकर ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने ‘दृश्यम’ फिल्म देखकर यह योजना बनाई थी. पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है.

Drishyam-inspired murder Bihar patricide Samastipur murder

Recent News