पंपगन, बंदूक, राइफल और 425 कारतूस... सहारनपुर में हथियारों का जखीरा देख एसटीएफ का चकराया माथा

Global Bharat 03 Oct 2026 12:40 AM 1 Mins
पंपगन, बंदूक, राइफल और 425 कारतूस... सहारनपुर में हथियारों का जखीरा देख एसटीएफ का चकराया माथा

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मेरठ एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई थाना मिर्जापुर क्षेत्र में शेरपुर-पेलो मार्ग के पास एक आम के बाग में की गई. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असद खान, इकराम और दानिश के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, तीनों सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं. टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए इलाके में पहुंचने वाले हैं, इसके बाद घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा गया.

तलाशी के दौरान एक पंप एक्शन 12 बोर गन, दो 12 बोर बंदूकें, एक 315 बोर बंदूक, तीन एयरगन, एक तमंचा और एक तलवार बरामद होने की जानकारी दी गई है. इसके अलावा 12 बोर के 425 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक काले रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद की गई.

एसटीएफ की पूछताछ के मुताबिक, आरोपी पंजाब के अमृतसर से हथियार और कारतूस लाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करते थे. जांच एजेंसियां अब हथियारों की खरीद के स्रोत और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं. मोबाइल फोन और संपर्कों की भी जांच की जा रही है.

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एसटीएफ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

UP STF Saharanpur Arms Smuggling Asad Ikram Danish 425 Cartridges Illegal Arms Gang

Description of the author

Recent News