उत्तर प्रदेश में रेलवे स्टेशनों और स्थानों के नाम बदलने का सिलसिला लगातार जारी है. हाल ही में अमेठी जिले के कई रेलवे स्टेशनों के नामों में बदलाव किया गया है. यह फैसला उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नहीं बल्कि केंद्रीय रेल मंत्रालय द्वारा लिया गया है. जानकारी के अनुसार, अमेठी जिले के फुरसतगंज रेलवे स्टेशन का नाम अब तपेश्वरनाथ धाम रखा गया है, जबकि निहालगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर महाराजा बिजली पासी रेलवे स्टेशन कर दिया गया है. इसी तरह से जिले के आठ रेलवे स्टेशनों के नामों में बदलाव किया गया है.
केंद्रीय रेल मंत्रालय द्वारा मंगलवार को यह घोषणा की गई. इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के कई रेलवे स्टेशनों के नाम बदले जा चुके हैं. 2018 में मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर पं. दीन दयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन कर दिया गया था. उत्तरी रेलवे ने आदेश दिया है कि कासिमपुर हॉल्ट रेलवे स्टेशन का नया नाम जैस सिटी रेलवे स्टेशन होगा. वहीं, जैस का नाम अब गुरु गोरखनाथ धाम, मिसरौली का नाम मां कालिकन धाम, और बानी का नाम स्वामी परमहंस रखा गया है.
आपको बता दें, इसकी शुरुआत उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नहीं बल्कि अमेठी लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी ने फरवरी में एक प्रस्ताव दिया था, जिसे मार्च में गृह मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया. हालांकि, लोकसभा चुनावों के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण इस पुरे प्रोसेस में देरी हुई, और आखिरकार मंगलवार 2 सितंबर को नाम बदलने का आदेश जारी किया गया.
अमेठी जिले के निहालगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम अब महाराजा बिजली पासी रेलवे स्टेशन कर दिया गया है. फुरसतगंज अब तपेश्वरनाथ धाम के नाम से जाना जाएगा, वहीं वारिसगंज को अब अमर शहीद भाले सुल्तान के नाम से पहचाना जाएगा. इसके अलावा, अकबरगंज का नाम अब मां अहोरवा भवानी धाम रखा गया है. इस प्रकार, उत्तर प्रदेश के रेलवे स्टेशनों के नामों में परिवर्तन का यह सिलसिला लगातार जारी है, जिससे राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.