लख़नऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है. लखनऊ में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने करीब 25 से 30 प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया. बैठक में नेताओं से जमीनी फीडबैक और चुनाव को लेकर उनके सुझाव मांगे गए. साथ ही पार्टी के संभावित नैरेटिव, जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों तथा संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई.
इस चुनावी मंथन में बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया. बैठक में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, रमापति राम त्रिपाठी, भूपेंद्र चौधरी और राजेश चौधरी शामिल रहे. इसके अलावा संजय राय, अभिजात मिश्रा, रामप्रताप चौहान और गीता शाक्य ने भी चुनावी रणनीति पर अपने सुझाव रखे.
बैठक में पूर्व सांसद उपेंद्र रावत, शंकर लोधी, दिलीप पटेल, सुभाष यदुवंश, अनूप गुप्ता और त्र्यंबक त्रिपाठी भी मौजूद रहे. धर्मेंद्र सिंह, मनीष दीक्षित, हिमांशु राज और दिनेश प्रताप सिंह ने भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेतृत्व के सामने अपने विचार रखे.
सूत्रों के मुताबिक, बैठक का मुख्य फोकस 2027 में बीजेपी की सत्ता बरकरार रखने के लिए मजबूत चुनावी रणनीति तैयार करना रहा. पार्टी नेताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, सामाजिक समीकरणों और मतदाताओं के बीच पार्टी की पहुंच को लेकर फीडबैक दिया.
बीएल संतोष और विनोद तावड़े ने नेताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच प्रभावी तरीके से सरकार के कामकाज को पहुंचाने पर भी चर्चा की. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऐसे और मंथन के जरिए बीजेपी 2027 के चुनाव का रोडमैप तैयार करेगी.