|
नई दिल्ली: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (US Vice President JD Vance) सोमवार को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे. उनके साथ उनकी भारतीय मूल की पत्नी उषा और तीन बच्चे- इवान, विवेक और मिराबेल भी हैं. दिल्ली हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनका स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. वेंस के बच्चे पारंपरिक भारतीय परिधानों में नजर आए. जेडी वेंस की भारत यात्रा आर्थिक, रणनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है. यह भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती है और वैश्विक व्यापार व कूटनीति में भारत की स्थिति को मजबूत कर सकती है. खासकर पड़ोसी देश चीन के परिपेक्ष्य में.
पीएम मोदी के साथ अहम वार्ता
वेंस सोमवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने और भारत-अमेरिका के बीच रणनीतिक व आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे. यह वार्ता अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते व्यापार तनाव के बीच हो रही है. विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा भी इस बैठक में शामिल होंगे. बता दें कि चीन के साथ व्यापार युद्ध के बीच भारत को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में देखा जा रहा है.
दिल्ली में सांस्कृतिक कार्यक्रम
वेंस दिल्ली में स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर और स्थानीय हस्तशिल्प बाजार का दौरा करेंगे. वह और उनका परिवार आईटीसी मौर्या शेरेटन होटल में ठहरे हैं. मंगलवार, 22 अप्रैल को वेंस जयपुर जाएंगे, जहां वे ऐतिहासिक आमेर किला और अन्य सांस्कृतिक स्थलों का दौरा करेंगे. उसी दिन वे राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में राजनयिकों, नीति विशेषज्ञों और सरकारी अधिकारियों को संबोधित करेंगे.
वे भारत-अमेरिका संबंधों पर ट्रम्प प्रशासन के दृष्टिकोण को साझा करेंगे. अगले दिन वे आगरा में ताजमहल और शिल्पग्राम का दौरा करेंगे, फिर जयपुर लौटेंगे. वेंस की चार दिवसीय यात्रा के लिए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. उनके साथ पेंटागन और स्टेट डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारी भी हैं.