बंगाल में बदलाव की लहर! सीएम योगी का TMC पर तीखा वार

Amanat Ansari 12 Apr 2026 01:22: PM 1 Mins
बंगाल में बदलाव की लहर! सीएम योगी का TMC पर तीखा वार

CM Yogi and the Bengal Elections: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बंगाल में बदलाव की नई लहर आ रही है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की इस पवित्र भूमि को पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी सरकारों और अब पिछले 15 साल से TMC ने गरीबी और बदहाली की खाई में धकेल दिया है.

बंगाल की मौजूदा स्थिति देखकर दुख होता है. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वोट की राजनीति करने वाले लोग बंगाल की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को जानबूझकर बदलने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने हाल ही में बांग्लादेश में एक दलित हिंदू की क्रूर हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुप्पी साध रखी.

योगी ने दावा किया कि ममता डरती हैं कि अगर उन्होंने इस मुद्दे पर आवाज उठाई तो उनके मुस्लिम वोट बैंक पर असर पड़ेगा. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी की सरकार दंगाइयों का इलाज कर देती है, जबकि बंगाल में किसान कर्ज के बोझ तले दबे हैं और वहाँ अराजकता तथा गुंडागर्दी का माहौल है.

उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए बताया कि पहले यूपी में हर त्योहार पर दंगे होते थे और माफिया राज्य चलाते थे, लेकिन अब वहां तुष्टिकरण की जगह संतुष्टिकरण की राजनीति है. सभी माफिया और गुंडे अब खत्म हो चुके हैं, जिससे आम नागरिक पूरी तरह सुरक्षित महसूस करते हैं.

उन्होंने आगे कहा कि दुर्गा पूजा और नवरात्रि जैसे त्योहारों के दौरान भी बाधाएं खड़ी की जाती हैं, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. योगी आदित्यनाथ ने बंगाल के लोगों से अपील की कि कांग्रेस, वामपंथियों और TMC को आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति न दी जाए. उन्होंने कहा कि अब बंगाल को उसकी पुरानी गरिमा और शान वापस लौटाने का सबसे उपयुक्त समय है.

TMC West Bengal West Bengal News CM Yogi West Bengal Visit

Recent News