अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र में एक 8 वर्षीय दलित बच्ची कक्षा 2 की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना सोमवार, 8 जून की दोपहर की है, जब बच्ची घर के बाहर खेल रही थी.गांव का ही रहने वाला 20 वर्षीय युवक फरमान पुत्र अहमद अली बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी बैलगाड़ी पर बिठाकर खेत ले गया.
वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. हालत बिगड़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गया. लहूलुहान हालत में घर पहुंची बच्ची ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद उसे तत्काल रहरा सीएचसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. स्थिति नाजुक होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही एसपी लखन सिंह यादव और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. फरार आरोपी फरमान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं.
वारदात के बाद परिजनों और ग्रामीणों के भारी आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित और कड़ा रुख अपनाया. घटना के महज 8 घंटे के भीतर ही एसडीएम और राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ आरोपी फरमान के घर पहुंची और उस पर बुलडोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया. अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने पुष्टि की है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के तुरंत बाद उसके घर के खिलाफ ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई अमल में लाई गई है.