दिल्ली पुलिस ने आखिरकार स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोपी विभव कुमार को केजरीवाल के घर से गिरफ्तार कर लिया है. विभव कुमार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पीएस है, जिसपर स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया है कि जब वह दिल्ली के मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंची थी, तो विभव कुमार ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी.
वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज आने के बाद स्पष्ट हो रहा है कि स्वाति मालीवाल के साथ जरूर मारपीट की गई है. यह खबर अपडेट की जाएगी. दरअसल आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल के निजी सचिव (PA) बिभव कुमार पर मारपीट का आरोप लगाया है.
इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था और आज आरोपी विभव कुमार को सीएम आवास से गिरफ्तार कर लिया है. उधर बिभव कुमार ने तीस हजारी कोर्ट अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जो खारिज हो चुकी है. वहीं स्वाति मालीवाल की मेडिकल रिपोर्ट आ गई है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि स्वाति के बाएं पैर, दाहिनी आंख, चेहरे और सिर पर चोट लगने की पुष्टि हुई है. स्वाति शुक्रवार को मेडिकल जांच कराने एम्स पहुंची थीं. उन्होंने सिर पर भी चोट लगने की बात कही थी. उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार पर पेट, छाती और दूसरे अंगों पर हमला करने का आरोप लगाया था.
स्वाति ने इस मामले में दिल्ली पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराकर कोर्ट में भी अपना बयान दर्ज करवा दिया है. इससे पहले स्वाति ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट कर आम आदमी पार्टी पर आरोपी विभव कुमार को बचाने का आरोप लगाया था.