भीषण गर्मी के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्से जल संकट से जूझ रहे हैं. दिल्ली स्थित गीता कॉलोनी के लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है. जल संकट के बीच कई इलाकों में टैंकरों के जरिए लोगों को पानी की आपूर्ति की जा रही है. वहीं पानी के लिए टैंकरों के आसपास लंबी लाइन लगाना पड़ता है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी हैं, जिसको लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आतिशी को भूख हड़ताल पर बैठना है तो झुग्गी, झोपड़ी में आकर बैठें.
बता दें कि दिल्ली की जलमंत्री आतिशी ने पानी की समस्या को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन करने का निर्णय लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट लिखकर कहा था दिल्ली में पानी की समस्या बरकरार है और आज भी 28 लाख लोगों को पनी नहीं मिल पा रहा है.
उन्होंने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि हरियाणा की सरकार दिल्ली को पानी नहीं दे रही है. राष्ट्रपिता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सिखाया है कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना हो, तो सत्याग्रह का रास्ता का रास्ता अपनाना होगा.
उन्होंने आगे कहा कि आज से पानी सत्याग्रह करूंगी और जब तक दिल्ली वालों को हरियाणा से उनके हक का पानी नहीं मिलेगा, तब तक अनशन करती रहूंगी.