कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद कई प्रतीकात्मक घटनाएं चर्चा में हैं, जिन्हें लोग परिवर्तन की तस्वीर के तौर पर देख रहे हैं. चुनावी नतीजों के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल के साथ-साथ प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर भी बदलाव की बातें सामने आ रही हैं, इनमें सबसे ज्यादा चर्चा आसनसोल के दुर्गा मंदिर की है, जो वर्षों से सीमित रूप से खुलता था और अब फिर से आम श्रद्धालुओं के लिए खोला गया है. जानकारी के मुताबिक आसनसोल के बस्तिन बाजार स्थित दुर्गा मंदिर करीब 15 साल से सामान्य दिनों में बंद जैसा ही था और सिर्फ दुर्गा पूजा या विशेष अवसरों पर खुलता था. बीजेपी की जीत के बाद मंदिर में नियमित पूजा शुरू होने की खबर सामने आई.
दूसरी तस्वीर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों के नाम बदलने को लेकर सामने आ रही है. कई स्थानीय इलाकों में पुराने प्रस्तावों को आगे बढ़ाने और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े नामों को वापस लाने की चर्चा तेज हुई है. हालांकि, 12 साल बाद सड़क का नाम बदला वाला दावा अलग-अलग इलाकों से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन इसका कोई एक आधिकारिक राज्यस्तरीय आदेश अभी व्यापक रूप से सामने नहीं आया है. तीसरी तस्वीर सरकारी सचिवालय और पार्टी दफ्तरों के बाहर जश्न की है. चुनाव नतीजों के बाद बीजेपी समर्थकों ने कोलकाता समेत कई जिलों में विजय जुलूस निकाले. भगवा झंडे, ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ इसे ऐतिहासिक जनादेश बताया गया.
चौथी तस्वीर केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी और स्वागत से जुड़ी है. चुनाव बाद संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों की तैनाती बढ़ाई गई. कई जगह समर्थकों ने सुरक्षा बलों का स्वागत किया, जिसे लोग कानून-व्यवस्था में भरोसे के संकेत के रूप में देख रहे हैं. आसनसोल दुर्गा मंदिर के बाहर भी सुरक्षा कड़ी की गई. पांचवीं तस्वीर जय श्रीराम के खुले नारों की है. बंगाल की राजनीति में यह नारा पिछले कुछ वर्षों में बड़ा चुनावी प्रतीक बन चुका है. इस बार चुनाव परिणामों के बाद कई जगह खुले तौर पर जय श्रीराम के नारे लगे, जिसे समर्थक वैचारिक बदलाव का संकेत बता रहे हैं. कुल मिलाकर, बंगाल में यह सिर्फ सरकार बदलने की कहानी नहीं बल्कि सांस्कृतिक, राजनीतिक और प्रशासनिक संकेतों के जरिए एक नए दौर की शुरुआत के रूप में पेश किया जा रहा है.