नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज FIR पर तीखा जवाब देते हुए कहा, “मुझ पर 45 FIR हैं, मेरा लक्ष्य है 100 FIR हों. हर FIR मेरे लिए मेडल है.” यह बयान उन्होंने दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान दिया. INDIA ब्लॉक के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च निकाल रहे थे.
पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई सांसद आकाशवाणी भवन परिसर में घुस गए थे. इस घटना पर उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है. राहुल गांधी ने कहा कि वे FIR से बिल्कुल नहीं डरते. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत और CEC ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र खत्म करने का आरोप लगाया और CEC के इस्तीफे की मांग दोहराई.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों के लिए सागर रत्न में लंच का आयोजन भी किया. विपक्ष जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन जारी रखने की योजना बना रहा है.