इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें सीजन को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं. खास बात यह है कि IPL 2025 से पहले एक बड़ा मेगा ऑक्शन होने वाला है, जो टूर्नामेंट को और भी रोमांचक बनाएगा. इस मेगा ऑक्शन में कई बड़े खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है. अब तक इस बात की जानकारी सामने आ चुकी है कि टीमें कितने खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी. दरअसल पहले की रिपोर्ट्स में कहा गया था कि IPL 2025 के लिए प्रत्येक टीम को पांच खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दी जाएगी. लेकिन अब एक नई रिपोर्ट ने इन सभी खबरों को अफवाह साबित कर दिया है.
एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह उम्मीद की जा रही है कि BCCI IPL 2025 के मेगा ऑक्शन के दौरान चार खिलाड़ियों को ही रिटेन करने की इजाजत देगी, साथ ही हर टीम को दो RTM (राइट टू मैच) विकल्प भी मिलेंगे. इसका मतलब है कि मेगा ऑक्शन के दौरान टीमें सिर्फ चार खिलाड़ियों को ही अपने साथ बनाए रख सकेंगी. गौरतलब है कि, IPL के नियमों के अनुसार, हर तीन साल में एक बड़ा मेगा ऑक्शन होता है.
इस ऑक्शन से पहले टीमें सिर्फ चार खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं, जबकि बाकी सभी खिलाड़ियों को रिलीज करना होता है. हालांकि, इस बार सभी फ्रेंचाइज़ियों ने BCCI से अनुरोध किया था कि वे चार की जगह सात या आठ खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दें. इसके बाद खबरें आईं कि BCCI पांच खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति देने पर विचार कर रहा है. लेकिन अब ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, टीमें दो बार RTM का उपयोग तो कर सकेंगी, लेकिन रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों की संख्या ज्यादा से ज्यादा सिर्फ चार ही होगी.
RTM का मतलब है कि ऑक्शन के दौरान अगर किसी खिलाड़ी पर किसी और टीम द्वारा बोली लगाई जाती है, तो पुरानी टीम उस खिलाड़ी को उसी कीमत पर वापस खरीद सकती है. यह विकल्प टीमों के लिए काफी फायदेमंद होता है, खासकर उन खिलाड़ियों के लिए जिन्हें वे अपने साथ रखना चाहते हैं. IPL 2025 के इस मेगा ऑक्शन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में पहले से ही काफी उत्साह है. हर बार की तरह इस बार भी टीमें अपने बेहतरीन खिलाड़ियों को रिटेन करने के लिए रणनीतियां बना रही हैं. अब देखना यह है कि कौन सी टीम अपने किन स्टार खिलाड़ियों को रिटेन करती है और कौन से नए चेहरे मैदान में उतरते हैं.