अजय ठाकुर
आजकल के वक्त में लोग अपना जीवनसाथी ढूंढने के लिए मैट्रिमोनियल साइट्स (Matrimonial Sites) का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं. लोग जब भी ऐसी साइट्स या ऐप का इस्तेमाल करते हैं तो उनके मन में सिर्फ एक ही सवाल होता है क्या यहां उनकी तलाश खत्म हो जायेगी? शायद नहीं! लेकिन इन साइट्स पर जीवनसाथी आपको मिले ना मिले लेकिन अगर आपने जरा सी भी लापरवाही की तो फिर आप एक बड़े फ्रॉड का हिस्सा जरूर हो सकते हैं. कई लोग इन वेबसाइटों पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं. हाल ही में ग्रेटर नोएडा के बिसरख पुलिस थाने में एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया गया, जिसने महिलाओं को ठगने के लिए खुद को एक विप्रो के अधिकारी के रूप में पेश किया.
इस युवक का नाम राहुल चतुर्वेदी (Rahul Chaturvedi) है. उसने मेट्रोमोनियल साइट्स पर अपना प्रोफाइल बनाया और महिलाओं से संपर्क किया. वह उन्हें अपने मोबाइल नंबर देने के लिए कहता था और बाद में उनसे पैसे, महंगे फोन और अन्य कीमती सामान लूटता था. राहुल ने अपने आप को विप्रो कंपनी का रीजनल मैनेजर एचआर बताया और महिलाओं को शादी के झूठे वादों में फंसाया.
नोएडा पुलिस (Noida Police) के अनुसार, राहुल ने कई फर्जी पे स्लिप्स बनाए ताकि महिलाएं उस पर शक न करें. राहुल लड़कियों को फंसने के लिए अपनी आवाज बदलकर अपने पिता के नाम पर लड़कियों के घर वालों से बात करता और मिलने की बात कहता. राहुल ये सब इस लिए करता ताकि लड़कियों के घरवालों को रत्ती भर भी शक ना हो. आपको जानकार हैरानी होगी राहुल के इस खेल में 16-17 लड़कियां फंस चुकी है. एक पीड़ित महिला की शिकायत मिलने के बाद बिसरख थाना पुलिस ने बीते मंगलवार को राधा स्काई गार्डन सोसायटी में रह रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. राहुल 35 साल से ऊपर की महिलाओं को अपना निशाना बनता था क्योंकि ऐसी लड़कियां फाइनेनशियली आत्म निर्भर होती थीं.
जानकारी के मुताबिक राहुल मूलरूप से लखनऊ का रहने वाला है. साल 2012 से 2017 तक एयरटेल कंपनी में एचआर मैनेजर और 2018 से 2021 तक विप्रो कंपनी बेंगलुरु में रीजनल मैनेजर के पद पर काम कर चुका है. वह 2022 में नोएडा आया और कपड़ों के होलसेल का काम करने लगा.
आपको बता दें, अभी हाल ही में, अहमदाबाद पुलिस ने मोहम्मद शाहबाज़ नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जिसने शादी के नाम पर 15 लड़कियों को धोखा दिया. उसने खुद को "मेजर हर्षित चौधरी" के रूप में पेश किया और लड़कियों को अपना शिकार बनाया था. जांच में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं. मोहम्मद शाहबाज़ के पास एक फर्जी आधार कार्ड था, जिसमें उसने हिंदू पहचान बनाई थी.
इन घटनाओं से साफ होता है कि शादी के नाम पर धोखाधड़ी एक गंभीर मुद्दा बन चुका है. लोगों को यह समझना बहुत जरूरी है कि जब वे ऑनलाइन किसी से जुड़ते हैं, तो उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए. ऑनलाइन जब आप किसी के संपर्क में आते हैं तो किन बातों का आपको ख्याल रखना चाहिए.
1. प्रोफाइल की जांच करें: किसी भी व्यक्ति के प्रोफाइल की पूरी जानकारी प्राप्त करें. अगर प्रोफाइल में कुछ भी संदिग्ध लगे, तो सावधान रहें.
2. सोशल मीडिया का उपयोग करें: जिस व्यक्ति से आप बात कर रहे हैं, उस व्यक्ति को सोशल मीडिया पर वेरीफाई करें.
3. पर्सनल जानकारी शेयर न करें: किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, जैसे कि बैंक खाते की जानकारी या पता, न दें.
4. मुलाकात सावधानी से करें: यदि आप किसी से व्यक्तिगत रूप से मिलने का फैसला लेते हैं, तो सार्वजनिक स्थान पर मिलने की कोशिश करें.
5. विश्वास रखें, लेकिन सावधान रहें: अपने आप पर विश्वास करें और अगर कुछ गलत लगता है, तो उसे नजरअंदाज न करें.
इन मामलों में बढ़ती धोखाधड़ी के खिलाफ समाज को जागरूक करना काफी आवश्यक है. हमें अपने आस-पास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए ताकि वे इस प्रकार के धोखों का शिकार न हों. याद रखें, सच्चे प्यार की तलाश में सावधानी और सतर्कता बहुत जरूरी है.