नई दिल्ली: दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की छात्रा और मॉडल मुस्कान की घर में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान लगातार शादी का दबाव बना रहा था. जब मुस्कान ने उससे दूरी बनानी शुरू की तो नाराज होकर उसने यह वारदात अंजाम दी.
बुधवार शाम करीब 7:24 बजे पुलिस को सूचना मिली कि युवती पर चाकू से हमला किया गया है. पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजन मुस्कान को जनकपुरी स्थित अमर लीला अस्पताल ले जा चुके थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई.
मुस्कान के भाई के अनुसार, दोनों करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे. आरोपी लगातार शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन मुस्कान इससे दूर रहना चाहती थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था. पुलिस इसी पहलू को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है.
वारदात से पहले आरोपी के युवती के घर की ओर जाते हुए सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है. आरोपी फिलहाल फरार है. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 15 से अधिक टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. क्राइम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी वजह और अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे.