पत्नी और प्रेमी ने पति की हत्या के लिए सुपारी दी, हमलावर ने गोली भी मारी लेकिन...

Amanat Ansari 08 Dec 2025 11:14: AM 1 Mins
पत्नी और प्रेमी ने पति की हत्या के लिए सुपारी दी, हमलावर ने गोली भी मारी लेकिन...

नई दिल्ली: बिहार के सुपौल जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया है. जांच में खुलासा हुआ कि पीड़ित व्यक्ति की पत्नी सोनी ने अपने बचपन के दोस्त और प्रेमी ब्रजेश के साथ मिलकर अपने पति शशिरंजन चौधरी की हत्या की सुपारी दी थी. दोनों ने हत्यारे को 1.5 लाख रुपये का कॉन्ट्रैक्ट दिया था, लेकिन हमला असफल रहा और शशिरंजन गोली लगने के बावजूद जिंदा बच गए. फिलहाल वे अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है.

घटना 26 नवंबर की रात की है. त्रिवेणीगंज बाजार क्षेत्र में. शशिरंजन चौधरी खाना खाकर घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी. हमले के बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और मौका-ए-जुर्म से सबूत व गवाहों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. जल्द ही शक परिवार के अंदरूनी झगड़े पर गया और पुलिस ने शशिरंजन के परिजनों से पूछताछ शुरू की.

जांच में पता चला कि पूरा प्लान शशिरंजन की पत्नी सोनी और उसके प्रेमी ब्रजेश कुमार ने मिलकर रचा था. दोनों मधेपुरा जिले के रहने वाले हैं. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य साजिशकर्ता सोनी और ब्रजेश भी शामिल हैं. पुलिस ने 62 हजार रुपये नकद और अपराध में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं.

सुपौल के पुलिस अधीक्षक सारथ आर. एस. ने बताया, “मधेपुरा में हुई एक मीटिंग में सोनी और ब्रजेश ने 1.5 लाख रुपये में सुपारी फाइनल की थी. दोनों का अवैध संबंध था और इसी कारण उन्होंने पति की हत्या की साजिश रची.”

पुलिस के अनुसार, जिस रात गोली चलाई गई, उस दिन शशिरंजन किसी स्थानीय आयोजन से लौट रहे थे. हमले में वे घायल हो गए, लेकिन तुरंत अस्पताल पहुंचाए गए और उनकी जान बच गई. त्रिवेणीगंज डीएसपी के नेतृत्व में बनी टीम ने पूरे घटनाक्रम को जोड़ा और अवैध संबंध के चलते रची गई इस हत्या की साजिश को बेनकाब कर दिया. मामले की आगे की जांच जारी है.

Supaul murder conspiracy Shashiranjan Chaudhary shooting contract killing plot

Recent News