निलंबित इंस्पेक्टर से शादी का दावा करने वाली महिला सिपाही पिंकी रानी लापता!

Amanat Ansari 25 Oct 2026 07:20 PM 1 Mins
निलंबित इंस्पेक्टर से शादी का दावा करने वाली महिला सिपाही पिंकी रानी लापता!

बिजनौर: बढ़ापुर थाने के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो शेयर होने के विवाद में अब एक नया मोड़ आ गया है. निलंबित इंस्पेक्टर के साथ मंदिर के बाहर खड़े होकर मानसिक रूप से शादी करने और एक-दूसरे का साथ निभाने का दावा करने वाली महिला मुख्य आरक्षी पिंकी रानी लापता हो गई हैं. मुरादाबाद पुलिस ने उनकी तलाश के लिए गुमशुदगी का पत्र जारी किया है.

पिंकी रानी मुरादाबाद की जीआरपी लाइन में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं. मुरादाबाद पुलिस के अनुसार, वे 22 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटीं. परिजनों द्वारा तलाश करने के बावजूद कोई जानकारी न मिलने पर मझोला थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी को उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचित करें.

गुमशुदगी पत्र में पिंकी रानी की उम्र करीब 38 वर्ष, रंग सांवला, कद औसत और ऊंचाई करीब 5 फीट 4 इंच बताई गई है. पत्र में उनके लोअर और टी-शर्ट पहने होने का भी जिक्र है. यह मामला उस समय चर्चा में आया था जब बढ़ापुर थाने के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में एक आपत्तिजनक वीडियो शेयर हुआ था. जांच के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया था.

इसके बाद महिला और पुरुष पुलिसकर्मी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों मंदिर के बाहर खड़े होकर अपने रिश्ते को लेकर बात कर रहे थे. महिला ने कुछ लोगों पर परेशान करने और फर्जी वीडियो से बदनाम करने का आरोप लगाया था. दोनों ने कहा था कि वे एक-दूसरे को जीवनसाथी मान चुके हैं और कानूनी अड़चनें दूर होने के बाद शादी करेंगे.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पिंकी रानी के लापता होने का पहले के विवाद या उनके रिश्ते से कोई संबंध है या नहीं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और उनकी सुरक्षा तथा लापता होने के कारणों की जांच चल रही है.

Recent News