नई दिल्ली: Delhi Police ने गणतंत्र दिवस से ठीक पहले एक बड़ी सुरक्षा चूक को नाकाम कर दिया है. क्राइम ब्रांच ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो टोयोटा इनोवा कार पर फर्जी विदेशी दूतावास की नंबर प्लेट लगाकर दिल्ली के उच्च सुरक्षा वाले और राजनयिक इलाकों में घूम रही थी. यह कार्रवाई 15 जनवरी 2026 को वसंत विहार इलाके में की गई.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोई महिला कई विदेशी दूतावासों के आसपास बार-बार आ-जा रही है और उसकी गाड़ी पर नकली डिप्लोमैटिक प्लेट लगी हुई है. सूचना के आधार पर विशेष टीम ने निगरानी शुरू की. दोपहर करीब 3:10 बजे वसंत विहार के बी-5 ब्लॉक में संदिग्ध इनोवा कार खड़ी दिखी. तभी लगभग 45 साल की एक महिला कार के पास आई, चाबी से उसे खोला और ड्राइवर सीट पर बैठ गई.
पुलिस ने उसे गाड़ी स्टार्ट करने से पहले ही रोक लिया. पूछताछ में महिला ने दावा किया कि यह डिप्लोमैटिक वाहन है, लेकिन कोई मालिकाना हक या रजिस्ट्रेशन के कागजात नहीं दिखा सकी. उसे और गाड़ी को सनलाइट कॉलोनी स्थित क्राइम ब्रांच दफ्तर ले जाया गया.
असम की रहने वाली है संदिग्ध महिला
विस्तृत पूछताछ में महिला ने कबूल किया कि उसने फर्जी दूतावास नंबर प्लेट बनवाई थी. वह असम की रहने वाली है और फिलहाल गुवाहाटी में रहती है. उसने बताया कि वह किसी राजनीतिक दल की अखिल भारतीय स्तर की सेक्रेटरी है. पहले वह 2023-24 में एक विदेशी दूतावास में कंसल्टेंट रह चुकी है, मेघालय की एक यूनिवर्सिटी में स्पोर्ट्स गाइड का काम किया और अब विदेशी छात्रों को यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए कंसल्टेंसी देती है.
उसके अनुसार, नवंबर 2024 में उसने एक विदेशी दूतावास से यह इनोवा खरीदी थी, लेकिन अपने नाम ट्रांसफर नहीं करा पाई. दूतावास की शिकायत पर मूल प्लेट हटाकर उसने नकली प्लेट "144 CD 54" जैसी डिप्लोमैटिक स्टाइल वाली लगवा ली. गाड़ी से दो और फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुईं.
6 दिन की पुलिस रिमांड पर महिला
पुलिस के मुताबिक, महिला ने इन फर्जी प्लेटों का इस्तेमाल पुलिस जांच से बचने, दूतावासों और प्रतिबंधित इलाकों में आसानी से घुसने के लिए किया. इससे सरकारी एजेंसियों को ठगने और संभवतः अन्य गलत मकसद भी हो सकते थे. भारतीय न्याय संहिता के संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. महिला को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. उसका मोबाइल जब्त कर लिया गया है और उसकी जांच चल रही है. पुलिस इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बहुत अहम मान रही है, खासकर आगामी गणतंत्र दिवस के मद्देनजर. जांच अभी जारी है.