नासिक: इंदिरानगर पुलिस ने एक हैरान करने वाला मामला दर्ज किया है. निफाड तालुका के धारणगाव निवासी गणेश जगताप नाम के तथाकथित बाबा पर आरोप है कि उसने 2010 से अब तक एक ही महिला के साथ काला जादू और परिवार में मौत का डर दिखाकर लगातार बलात्कार किया और करीब 50 लाख रुपये भी ठग लिए.
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी उसे धमकाता था कि उसके पास स्मशान की एक खास किताब है जिसमें उसके पति और बच्चों के नाम लिखे हैं. अगर उसने शारीरिक संबंध बनाने से मना किया तो परिवार में किसी की बलि ले ली जाएगी. इसी खौफ के चलते महिला सालों तक चुप रही. आखिरकार हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस में रिपोर्ट लिखवाई.
मामला सामने आते ही आरोपी फरार हो गया. पुलिस की टीमें उसकी तलाश में छापे मार रही हैं. उसके खिलाफ बलात्कार, धमकी, काला जादू और ठगी की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस को संदेह है कि इसके अलावा भी कई महिलाएं उसकी शिकार हो सकती हैं.
ठाणे की एक सेशन कोर्ट ने 2020 के कथित नाबालिग बलात्कार मामले में 22 साल के युवक को बरी कर दिया. लड़की की मां ने शिकायत की थी कि उनकी बेटी (जन्मतिथि 24 जून 2003 बताई गई) के साथ युवक ने दुष्कर्म किया.
पोक्सो और आईपीसी की धाराएं लगाई गई थीं. लेकिन मुकदमे में मूल जन्म प्रमाण पत्र पेश नहीं हो सका. खुद लड़की ने कोर्ट में बयान दिया कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे और संबंध आपसी सहमति से बने थे. सबूतों के अभाव और उम्र साबित न होने की वजह से कोर्ट ने युवक को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया. वह 2020 में गिरफ्तारी के बाद जमानत पर था.