CAA नागरिकता प्राप्त महिलाओं ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को बांधी राखी

Global Bharat 19 Aug 2024 06:39: PM 1 Mins
CAA नागरिकता प्राप्त महिलाओं ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को बांधी राखी

देशभर में रक्षाबंधन का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस अवसर पर सीएए नागरिकता प्राप्त महिलाओं ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राखी बांधी. इस दौरान पीयूष गोयल ने महिलाओं को भेंट स्वरूप उपहार भी दिए. इस मौके पर पीयूष गोयल ने कहा कि भारत पड़ोसी देशों में रह रहे अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करेगा. बता दें कि सुरक्षा के तहत ही दूसरे देशों में रह रहे हिन्दू, बौद्ध, सिख और जैन को मोदी सरकार ने भारत की नागरिकता दी है.

रक्षा बंधन के मौके पर महिला शरणार्थियों ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने साध्वी ऋतंभरा और ब्रह्माकुमारी बहनों के साथ भी रक्षा बंधन मनाया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नागरिकता कानून उन प्रवासियों को सुरक्षा देगा जिन्हें सीएए के तहत भारत की नागरिकता प्रदान की गई है. उन्होंने कहा कि सीएए ने प्रवासियों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान की है, जो उनका अधिकार है.

पीयूष गोयल ने कहा  है कि उनके जीवन के महत्वपूर्ण त्योहारों में रक्षा बंधन एक है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण ही इन सभी बहनों को भारती की नागरिकता मिल पाई है. इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के अहमदाबाद में पाकिस्तान से आए 188 हिंदुओं को भारत की नागरिकता प्रदान की थी.

इस मौके पर अमित शाह ने कहा था कि केंद्र सरकार पड़ोसी देशों के हिन्दू, जैन, सिख, बौद्ध सहित उत्पीड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान करने के लिए दृढ़ संकल्पित है. उन्होंने कहा था कि सीएए लोगों को उनके अधिकार और न्याय देने का जरिया है. साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर कई आरोप भी लगाए थे. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने पड़ोसी देश में रह रहे हिन्दुओं के साथ न्याय नहीं किया और 2014 के बाद पीएम मोदी की सरकार पीड़ित हिन्दू, सिख, जैन, बौद्ध को नागरिकता देकर न्याय कर रही है, जो उनका हक है.

Recent News