यूट्यूब देखकर घर पर बच्चे को जन्म देने गई महिला की मौत, पोस्टपार्टम ब्लीडिंग से नहीं रुका खून!

Amanat Ansari 29 Jun 2026 06:54: PM 1 Mins
यूट्यूब देखकर घर पर बच्चे को जन्म देने गई महिला की मौत, पोस्टपार्टम ब्लीडिंग से नहीं रुका खून!

तिरुपुर (तमिलनाडु: यूट्यूब वीडियो देखकर घर पर नैचुरल डिलीवरी करने की कोशिश में एक महिला की जान चली गई. प्रसव के बाद भारी ब्लीडिंग (पोस्टपार्टम हेमरेज) के कारण उसकी मौत हो गई. मृतका की पहचान शशिकला के रूप में हुई है. वह तिरुपुर जिले के उथुकुली के पास थलवायपालायम की रहने वाली थीं. शशिकला अपने पति कार्तिक की पत्नी थीं.

दंपति की एक 4 साल की बेटी पहले से थी और शशिकला दूसरी संतान की उम्मीद कर रही थीं. परिवार ने अस्पताल जाने के बजाय घर पर ही बच्चे को जन्म देने का फैसला लिया. 24 जून को शशिकला ने घर पर एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन डिलीवरी के बाद उनमें गंभीर ब्लीडिंग शुरू हो गई जो रुकने का नाम नहीं ले रही थी.

परिवार ने उन्हें पहले उथुकुली के पास पेरुंदुरई स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया, फिर बेहतर इलाज के लिए कोयंबटूर के एक प्राइवेट अस्पताल शिफ्ट किया गया. वहां इलाज के दौरान शशिकला की मौत हो गई. जिले के स्वास्थ्य विभाग ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है. उथुकुली पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है.

चिकित्सकों की चेतावनी

डॉक्टरों का कहना है कि प्रसव के समय कई जटिलताएं हो सकती हैं, जिन्हें घर पर यूट्यूब जैसी ऑनलाइन वीडियो देखकर संभाला नहीं जा सकता. खासकर पहली बार की डिलीवरी या पिछली डिलीवरी में कोई समस्या रही हो तो अस्पताल में ही डिलीवरी करानी चाहिए. यह घटना ऑनलाइन वीडियो पर बिना सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने के खतरों की ओर इशारा करती है.

YouTube home birth Uthukuli woman death postpartum bleeding

Recent News