नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में पुलिस हिरासत में लिए गए एक 26 वर्षीय युवक का शव रहस्यमयी परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर मिला. इसके बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बालागढ़ पुलिस स्टेशन में जमकर तोड़फोड़ की. मृतक की पहचान शेख असदुल मंडल के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार, उसे गुरुवार देर रात बालागढ़ पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में हिरासत में लिया था. हिरासत में ले जाने से पहले असदुल ने अपने जीजा बाबू शेख राज को मैसेज भेजकर पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी थी. जीजा ने पुलिस और असदुल दोनों को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
शुक्रवार सुबह असदुल का शव बालागढ़ स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर मिला. खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने के बाहर जमा हो गए और पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शन जल्द ही हिंसक हो गया; भीड़ ने थाने के अंदर लगे CCTV कैमरे और चाइल्ड-फ्रेंडली कॉर्नर को नुकसान पहुंचाया.
हुगली ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, असदुल को शराब पीकर ड्राइविंग के लिए गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बेल बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया गया था. उसके बाद उसका शव ट्रैक पर मिला. पुलिस ने बताया कि पूरी घटना की जांच शुरू कर दी गई है.