आगरा में पुलिस छापे के दौरान छत से गिरकर युवक की मौत, भड़का गुस्सा; 2 सिपाही सस्पेंड

Amanat Ansari 17 Oct 2026 02:08 PM 1 Mins
आगरा में पुलिस छापे के दौरान छत से गिरकर युवक की मौत, भड़का गुस्सा; 2 सिपाही सस्पेंड

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार रात पुलिस की छापेमारी के दौरान एक युवक छत से गिरकर दर्दनाक मौत के शिकार हो गया. इस घटना से इलाके में भारी गुस्सा फैल गया. शनिवार सुबह लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की, जबकि परिवार ने पुलिस पर युवक को धक्का देने का आरोप लगाया है.

रकाबगंज रावली स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा वाली गली में रकाबगंज थाने के दो सिपाही दबिश देने पहुंचे थे. उस समय छत पर कुछ युवक ताश खेल रहे थे. पुलिस को देखकर वे डर गए और भागने लगे. भगदड़ में युवक ललित (पुत्र चंदन सिंह) छत से नीचे गिर पड़ा. सिर फटने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. परिवारवालों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

परिवार का आरोप और लोगों का गुस्सा

परिजनों का आरोप है कि ललित खुद नहीं गिरा, बल्कि पुलिसकर्मियों ने उसे धक्का देकर गिराया. उन्होंने हत्या का मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की. शनिवार सुबह रावली के सामने भारी भीड़ जमा हो गई. विधायक समेत कई नेता भी मौके पर पहुंचे. गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम करने का प्रयास किया. एडीसीपी प्रोटोकॉल राजकुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया.

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस कमिश्नरेट ने दोनों सिपाहियों आकाश शर्मा और शुभम राठी को सस्पेंड कर दिया है. युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच चल रही है. जांच में अगर पुलिसकर्मियों की गलती साबित होती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Recent News