Donald Trump Gift: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान ने चल रही बैकचैनल बातचीत के दौरान शुभेच्छा के तौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से दस तेल के जहाज गुजरने की अनुमति दे दी है. इन टैंकरों पर पाकिस्तानी झंडा लगा हुआ दिख रहा है. यह खुलासा उस समय हुआ जब ट्रंप ने मंगलवार को संकेत दिया था कि ईरान ने अमेरिका को बहुत बड़ा तोहफा दिया है.
उन्होंने कहा कि यह कदम दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़ा हो सकता है. व्हाइट हाउस में गुरुवार को कैबिनेट मीटिंग के दौरान ट्रंप ने कहा कि यह घटनाक्रम वाशिंगटन और तेहरान के बीच चल रही बातचीत को दर्शाता है.
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कहा कि यह साबित करने के लिए कि हम गंभीर और विश्वसनीय हैं, हम आपको आठ बड़े तेल के जहाज दे रहे हैं. उन्होंने आगे बताया कि शुरुआती आठ टैंकर कुछ दिन पहले ही इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्ग से गुजरना शुरू कर चुके थे. ट्रंप ने कहा कि उन्हें इसकी पूरी जानकारी तब हुई जब उन्होंने न्यूज़ देखी.
ट्रंप ने कहा कि मैंने न्यूज़ देखी और उन्होंने कहा कि कुछ असामान्य हो रहा है. आठ जहाज होर्मुज स्ट्रेट के बीचों-बीच जा रहे हैं. आठ बड़े टैंकर तेल से लदे हुए सीधे गुजर रहे हैं. तब मैंने कहा, लगता है वे सही कह रहे थे. ट्रंप ने बताया कि बाद में ईरान ने दो और जहाज भेजे. उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी बात के लिए माफी मांगी और कहा कि हम दो और जहाज भेज रहे हैं.
इस तरह कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई. ट्रंप ने यह भी कहा कि ये जहाज पाकिस्तानी फ्लैग वाले लग रहे हैं. इससे साफ होता है कि इस्लामाबाद न सिर्फ कूटनीति में, बल्कि लॉजिस्टिक्स में भी भूमिका निभा रहा है. राष्ट्रपति ने इस घटना को इस बात का सबूत बताया कि अमेरिका सही लोगों के साथ डील कर रहा है और यह टैंकर मूवमेंट बैकग्राउंड में चल रही व्यापक बातचीत से जुड़ा है.
ईरान ने बताया एकतरफा संघर्षविराम प्रस्ताव
इससे पहले गुरुवार को ईरान ने संघर्ष समाप्त करने के अमेरिका के नवीनतम प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया. ईरान ने इसे एकतरफा और अनुचित बताया और अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह केवल अमेरिकी और इजरायली हितों को ध्यान में रखकर शर्तें थोप रहा है. एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि पाकिस्तान के माध्यम से भेजे गए इस प्रस्ताव की तेहरान में बुधवार रात विस्तार से समीक्षा की गई, लेकिन इसमें आगे बढ़ने के लिए जरूरी बुनियादी शर्तें ही गायब थीं.
अधिकारी ने कहा कि संक्षेप में, प्रस्ताव यह कहता है कि ईरान अपनी आत्मरक्षा की क्षमता छोड़ दे, इसके बदले में प्रतिबंध हटाने का एक अस्पष्ट प्लान दिया जाएगा. यह पूरी तरह एकतरफा और अनुचित है, जो सिर्फ अमेरिका और इजराइल के हित में है.