नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में 14 साल के लड़के द्वारा यौन उत्पीड़न की कोशिश के दौरान घातक हमला किए जाने से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई. पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, महिला पर 3 नवंबर को कक्षा 9 के लड़के ने खेत में घास काटते समय हमला किया. पहले उसने रेप करना चाहा, लेकिन विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी.
दावा किया जा रहा है कि जब लड़के ने उसका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की तो उसने विरोध किया. इसके बाद कथित तौर पर उसने हंसिया और लाठी से हमला कर उसे गंभीर चोटें पहुंचाईं. ग्रामीणों ने उसे खेत में खून से लथपथ पाया और पास के अस्पताल ले गए. बाद में उसे चंडीगढ़ की एक सुविधा में शिफ्ट किया गया, जहां बुधवार रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने अपराध स्थल से हंसिया, लाठी, टूटी हुई स्केल और पेन के टुकड़े बरामद किए. पूछताछ के दौरान नाबालिग ने कथित तौर पर हमले की बात कबूल कर ली. उसे अब ऑब्जर्वेशन होम में रखा गया है. महिला अपने 17 साल के विकलांग बेटे की परवरिश कर रही थी और परिवार की इकलौती कमाने वाली थी.
हमीपुर पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने पुष्टि की कि नाबालिग आरोपी हिरासत में है और आगे की जांच जारी है. ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, इस मामले ने पूरे इलाके को हिला कर रखा दिया है. लोग अचंभित हैं कि एक 14 साल का लड़का आखिर ऐसा कैसे कर सकत है. पुलिस अभी भी पूरे मामले की जांच कर रही है.