लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 18 वर्षीय युवक और बिहार की 38 वर्षीय शादीशुदा महिला की प्रेम कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. उम्र में करीब 20 साल का अंतर और महिला के तीन बच्चों की मां होने के बावजूद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने. मामला तब और सुर्खियों में आ गया जब महिला अपने प्रेमी के पीछे-पीछे बिहार से हरियाणा और फिर हरियाणा से सीधे लखीमपुर खीरी पहुंच गई.
बताया जा रहा है कि लखीमपुर खीरी निवासी 18 वर्षीय पवन की मुलाकात बिहार की रहने वाली 38 वर्षीय सुमन से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और देखते ही देखते यह रिश्ता प्यार में बदल गया, इसके बाद सुमन अपना घर छोड़कर पवन के साथ हरियाणा चली गई. दोनों करीब तीन महीने तक साथ रहे, लेकिन समय बीतने के साथ रिश्ते में दरार आ गई. इसके बाद पवन चुपचाप हरियाणा छोड़कर अपने गांव लौट आया.
हालांकि, सुमन ने हार नहीं मानी। वह भी पवन के पीछे-पीछे लखीमपुर खीरी पहुंच गई और पिछले करीब तीन महीनों से वहीं रह रही है. जब इसकी जानकारी सुमन के पति को हुई तो वह अपने तीनों बच्चों को लेकर लखीमपुर पहुंचा. गांव में पंचायत बैठी, लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन सुमन ने पति के साथ लौटने से साफ इनकार कर दिया. आखिरकार उसका पति बच्चों को लेकर वापस लौट गया.
अब कहानी ने नया मोड़ ले लिया है। पवन का कहना है कि सुमन ने उससे अपनी शादी और तीन बच्चों की बात छिपाई थी। वह चाहता है कि सुमन अपने परिवार के पास लौट जाए। वहीं पवन के पिता राजेंद्र का कहना है कि उन्हें यह रिश्ता पसंद नहीं है, लेकिन अब जब महिला घर आ गई है और जाने को तैयार नहीं है तो वे क्या कर सकते हैं। फिलहाल यह अनोखी प्रेम कहानी पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।