फिरोजाबाद: संभल से चर्चा में आए तेजतर्रार पुलिस अधिकारी और फिरोजाबाद के एडिशनल एसपी (देहात) अनुज चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने सड़क पर नमाज और कांवड़ यात्रा को लेकर साफ-साफ बात कही.
उन्होंने पूछा कि सड़क पर नमाज क्यों पढ़नी? मस्जिदों में जगह कम है क्या?'' उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज के पास नमाज पढ़ने के लिए जगह की कोई कमी नहीं है. मस्जिदों में पर्याप्त जगह उपलब्ध है. कांवड़ यात्रा को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें करोड़ों हिंदू श्रद्धालु शामिल होते हैं. उनकी यात्रा में किसी भी तरह का व्यवधान नहीं आना चाहिए. प्रशासन का फर्ज है कि श्रद्धालुओं के लिए रास्ता सुगम और सुरक्षित बनाए. इसी के लिए पूरा प्रशासन जुटा हुआ है.
एसपी अनुज चौधरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पूरे मार्ग को 20 सेक्टरों में बांटकर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के इंतजाम हैं. उन्होंने शासनादेश का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर कोई भी नॉनवेज की दुकान या अंडे का ठेला नहीं खुलेगा.
अगर कहीं ऐसा पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. शिवभक्तों की आस्था और पवित्रता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अनुज चौधरी अपने बेबाक बयानों के लिए पहले भी चर्चा में रहे हैं. इस बार भी उनके बयान ने राजनीतिक और सामाजिक चर्चा छेड़ दी है.