नूंह: हरियाणा के नूंह में 2023 की हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को पुलिस ने घर में नजरबंद कर लिया है. वह शिव मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी. देर रात से ही पुलिस की टीम उनके घर के बाहर तैनात कर दी गई.
बिट्टू बजरंगी ने आरोप लगाया कि उनके साथ आतंकवादी जैसा बर्ताव किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश में किसी को कहीं भी जाकर पूजा करने का हक है, लेकिन प्रशासन को सिर्फ मैं ही दिखता हूं. मुझे नूंह में घुसने नहीं दिया जा रहा. मैं भी इस देश का रहने वाला हूं.
बिट्टू बजरंगी ने नूंह के कांग्रेस विधायक मामन खान पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मामन खान अभी भी नूंह में बैठे हैं, लेकिन उनका देश निकाला नहीं हो रहा. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उन्हें नूंह जाने से रोका है.
फरीदाबाद गो रक्षक दल के प्रमुख बिट्टू बजरंगी पर 31 जुलाई 2023 को नल्हड़ महादेव मंदिर की जलाभिषेक यात्रा के दौरान भड़काऊ भाषण देने और हिंसा भड़काने का आरोप है. उस घटना में 6 लोगों की मौत हुई थी. वर्तमान में वह जमानत पर बाहर हैं.