पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर की शानदार जीत के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा कुमारी को करारी हार का सामना करना पड़ा है. उनकी जमानत राशि भी जब्त हो गई है. चुनाव नियमों के अनुसार जमानत बचाने के लिए कुल वैध मतों का कम से कम छठा हिस्सा (16.67%) वोट हासिल करना जरूरी होता है.
बांकीपुर में कुल 1,30,313 वोट पड़े. जमानत बचाने के लिए न्यूनतम 21,719 वोट चाहिए थे, लेकिन रेखा कुमारी को महज 14,273 वोट ही मिले. गौरतलब है कि नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में रेखा कुमारी इसी सीट पर दूसरे स्थान पर रहीं थीं और उन्हें 46,363 वोट मिले थे. पार्टी ने उनके पिछले प्रदर्शन और स्थानीय जुड़ाव को देखते हुए उन्हें दोबारा टिकट दिया था, लेकिन इस बार वे तीसरे स्थान पर सिमट गईं.
अंतिम नतीजों में प्रशांत किशोर 64,151 वोट लेकर विजेता बने. भाजपा के नीरज सिन्हा 44,827 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि रेखा कुमारी तीसरे पायदान पर रहीं. प्रशांत किशोर ने नीरज सिन्हा को 19,324 वोटों के अंतर से हराया.