पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज की है. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को करीब 19 हजार वोटों से हराया. यह जन सुराज की बिहार में पहली चुनावी सफलता है. मतगणना के 32 राउंड के बाद प्रशांत किशोर को करीब 64 हजार वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को करीब 45 हजार वोट मिले.
यह सीट भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट रही है, जहां वे लगातार पांच बार विधायक चुने गए थे. उनके राज्यसभा जाने के बाद यहां उपचुनाव हुआ. जीत के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में प्रशांत किशोर ने कहा कि वह हारने वाले सभी उम्मीदवारों को भी बधाई देते हैं. लोकतंत्र में जीत-हार होती रहती है, इसलिए हर उम्मीदवार का सम्मान होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि बांकीपुर का चुनाव सिर्फ एक विधायक चुनने तक सीमित नहीं था, बल्कि बिहार में भाजपा और एनडीए सरकार के कामकाज पर जनता का फैसला था. प्रशांत किशोर ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को सलाह दी कि जनता के इस फैसले पर गंभीरता से विचार करें और बिहार की जिम्मेदारी ऐसे व्यक्ति को सौंपें, जो ईमानदारी से राज्य के विकास के लिए काम कर सके. उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लोगों ने अपने वोट के जरिए साफ संदेश दिया है.