अनोखी शादी! जुड़वा बहनों की शादी जुड़वा भाइयों से, पादरी भी निकले जुड़वा

Amanat Ansari 01 Aug 2026 09:54: AM 1 Mins
अनोखी शादी! जुड़वा बहनों की शादी जुड़वा भाइयों से, पादरी भी निकले जुड़वा

कोट्टायम: केरल के कोट्टायम जिले के चंगनासेरी में एक बेहद अनोखी और दिलचस्प शादी देखने को मिली. यहां दो जुड़वा बहनों की एक साथ दो जुड़वा भाइयों से शादी हुई. खास बात यह रही कि शादी कराने वाले दोनों पादरी भी जुड़वा भाई थे. दोनों परिवार इस खास मौके से बेहद खुश हैं. चंगनासेरी मेट्रोपॉलिटन चर्च में अखिल के. थॉमस की शादी मागी मैरी थॉमस से हुई, जबकि उनकी छोटी बहन मारिया मेरी थॉमस की शादी अखिल के छोटे भाई निखिल के. थॉमस के साथ संपन्न हुई. दोनों जोड़े एक साथ चर्च पहुंचे और विवाह बंधन में बंधे.

रिपोर्ट के मुताबिक दोनों परिवारों का सपना था कि ऐसी जगह शादी हो जहां दोनों बहनें एक साथ रह सकें. संयोग इतना अच्छा रहा कि जुड़वा बहनों की शादी जुड़वा भाइयों से हो गई. इसके अलावा शादी कराने वाले पादरी भी जुड़वा निकले. फादर ऐंटो पेजुमकत्तिल और फादर अजो पेजुमकत्तिल. दोनों बहनों ने जानबूझकर ऐसे पादरियों की तलाश की थी जो जुड़वा हों.

एक बहन ने बताया कि हमारे माता-पिता ने सपना देखा था कि हमारी शादी जुड़वा भाइयों से हो और जुड़वा पादरी शादी करवाएं. ईश्वर और जीसस क्राइस्ट ने हमारा सपना पूरा कर दिया. जब हमने पादरियों से शादी करवाने की रिक्वेस्ट की तो वे तुरंत तैयार हो गए. उन्होंने कहा कि यह शादी उनके लिए भी खास है और जीवनभर की अच्छी याद है.

अखिल और निखिल के पिता का नाम कंजूमन थॉमस है. वे वेत्तुपारांबिल के रहने वाले हैं. वहीं मागी और मारिया के पिता का नाम तोमिचन है. वे कुंबुलुवेलिल की रहने वाली हैं. दोनों लड़के मर्चेंट नेवी में काम करते हैं, जबकि दोनों लड़कियां आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं.

शादी करवाने वाले पादरी ने कहा कि दोनों का जन्म भी साथ में हुआ था और अब नया जीवन भी साथ में ही शुरू हो रहा है. इस अनोखी शादी में पहुंचे मेहमानों के लिए भी यह अनुभव बेहद खास रहा, जहां दो नवविवाहित जोड़े एक साथ मौजूद थे. यह शादी न सिर्फ दोनों परिवारों के लिए यादगार बनी, बल्कि सोशल मीडिया और समाचारों में भी चर्चा का विषय बन गई.

twin priest twin sisters twin groom marriage strange marriage

Recent News