बागपत : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले उभरते कबड्डी खिलाड़ी मोनू की शनिवार सुबह शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है.
जानकारी के अनुसार, मोनू अपने गांव की एक युवती से प्रेम करता था। दोनों इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत करते थे. युवती घर के किसी सदस्य का मोबाइल लेकर इंस्टाग्राम पर लॉगिन करती, मोनू से चैट और कॉल करती और फिर अकाउंट लॉगआउट कर देती थी, ताकि किसी को रिश्ते की भनक न लगे.
बताया जा रहा है कि एक दिन युवती का इंस्टाग्राम अकाउंट उसके चचेरे भाई कार्तिक के मोबाइल में लॉगआउट नहीं हुआ. उसी दौरान मोनू का चैट मैसेज आने पर दोनों के प्रेम संबंधों का खुलासा हो गया. कार्तिक और मोनू पहले से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों साथ में कबड्डी भी खेलते थे. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, लेकिन बाद में मामला शांत होता दिखाई दिया.
हालांकि, आरोप है कि जब इस रिश्ते की जानकारी युवती के पिता तक पहुंची तो परिवार में नाराजगी बढ़ गई. इसके बाद ताऊ के कहने पर कार्तिक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मोनू की हत्या की साजिश रची. शनिवार सुबह शामली में मोनू पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं. गंभीर रूप से घायल मोनू की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश का प्रतीत हो रहा है. सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.