गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले में राघौगढ़-धरनावदा क्षेत्र में मंदिर से लौट रहे युवक-युवती के साथ लूट और सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास करने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने तेज कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में महज 24 घंटे के अंदर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गुरुवार रात करीब 8 बजे कोलकाता निवासी 26 वर्षीय युवती अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर हनुमान टेकरी मंदिर से दर्शन कर लौट रही थी.
रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए बाइक सवारों ने पंचर का झांसा देकर गाड़ी रुकवाई. चाबी निकालकर युवती को घसीटते हुए एबी रोड किनारे घने जंगल में ले गए. वहां उन्होंने और साथियों को बुलाया. आरोपियों ने युवक-युवती को पीटा, मोबाइल, पर्स और बाइक लूट ली. युवती के साथ जबरदस्ती का प्रयास किया गया. चीख-पुकार सुनकर पुलिस टीम पहुंच गई, तो आरोपी भाग निकले. पीड़िता की शिकायत पर धरनावदा थाने में मामला दर्ज किया गया.
एसपी हितिका वासल ने खुद कमान संभाली. विशेष जांच दल गठित कर जंगल, गांवों और संभावित ठिकानों पर टीमें भेजी गईं. तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर और सीसीटीवी फुटेज की मदद से 5 आरोपियों को दबोच लिया गया. दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपी हैं, बबलू बंजारा, छोटू बंजारा, सरदार बंजारा, महेंद्र बंजारा और दिनेश बंजारा.
पूछताछ में उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया. लूटा गया सामान भी बरामद हो गया. दो आरोपियों के पैर में प्लास्टर चढ़ा हुआ था और वे लंगड़ाते हुए कंट्रोल रूम पहुंचे. एसपी हितिका वासल ने कहा, ''मामले में फास्ट ट्रैक करवाकर आरोपियों पर जल्द सख्त सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी. मैं खुद मॉनिटरिंग करूंगी. पूरी टीम लगाई जाएगी.''