वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ईरान पर पहले से भी ज्यादा बड़े और भीषण हमले किए जाएंगे. वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने सेना को नए हमले की तैयारी का निर्देश दिया है, जिसका मकसद ईरान पर दबाव बनाकर युद्धविराम की शर्तें मनवाना है. मीडिया रिपोर्ट्स में इस हमले की संभावना इस सप्ताह के अंत में बताई जा रही है.
शुक्रवार को मैरीलैंड स्थित कैंप डेविड में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा, “हम उन पर बहुत जोरदार हमला करेंगे और एक समय ऐसा आएगा जब वे कहेंगे कि अब वे इसे और सहन नहीं कर सकते.” उन्होंने जोर दिया कि उनका लक्ष्य जीत हासिल करना है. ट्रंप ने ईरान पर भरोसा न होने की बात भी कही और आरोप लगाया कि ईरानी अधिकारी बार-बार अपने वादे तोड़ते हैं, बातचीत की बात करते हैं लेकिन पीछे हट जाते हैं तथा सही जानकारी नहीं देते.
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और इजरायल मिलकर एक ऐसे हमले की योजना बना रहे हैं, जिसे अब तक के सबसे बड़े और भीषण बमबारी अभियानों में से एक माना जा रहा है. अगर योजना को मंजूरी मिली तो कई हफ्तों बाद ईरान के खिलाफ कार्रवाई में इजरायल पहली बार सीधे शामिल होगा. अमेरिकी अधिकारियों को चिंता है कि इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और वित्तीय बाजारों पर पड़ सकता है.
इसलिए बाजार खुलने से पहले योजना को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही थी. इजरायल को योजना की जानकारी दे दी गई है, लेकिन ट्रंप ने अभी अंतिम मंजूरी नहीं दी है.ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा कि अगर अमेरिका और इजरायल ऊर्जा ठिकानों पर हमला करते हैं, तो तेहरान ने पहले से व्यापक जवाबी योजना तैयार कर रखी है.