वाशिंगटन: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैन डिएगो में मिरामार एयर बेस के पास शुक्रवार को एक F-35B स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के दौरान जोरदार धमाके के साथ आग लग गई. हालांकि पायलट समय रहते इजेक्ट करने में सफल रहा और उसकी जान को कोई खतरा नहीं है. यूएस मरीन कॉर्प्स ने बयान में कहा कि पायलट इजेक्ट हो गया था और उसे ऐसी चोटें आईं जिनसे जान को खतरा नहीं है. जांच और इलाज के लिए उसे स्थिर हालत में स्थानीय मेडिकल सेंटर ले जाया गया.
मरीन कॉर्प्स ने पहले बताया था कि कैलिफोर्निया में क्रैश होने से पहले पायलट के बचने की उम्मीद है. एक चश्मदीद वेड लॉट ने बताया कि वह फ्लाइट लाइन के ठीक दक्षिण में एक कंक्रीट कंपनी में काम पर जा रहे थे. उन्होंने देखा कि दो जेट एक साथ रनवे की ओर नीचे आ रहे थे. पहला जेट तो सुरक्षित उतर गया, लेकिन दूसरा अचानक धीमा होने लगा, मानो हवा में एक जगह रुकने (होवर) की कोशिश कर रहा हो. जब जेट जमीन से करीब 100 फीट ऊपर था, तो पायलट इजेक्ट हो गया और पैराशूट खुल गया.
लॉट के अनुसार, जेट दूसरे प्लेन के ठीक बगल में जमीन से टकराया, रनवे पर गिरकर धमाका हो गया. हादसे के बाद का एरियल वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मिट्टी वाले मैदान में मलबे से काला धुआं उठता दिख रहा है. कई सैन्य और फायरफाइटिंग गाड़ियां मौके पर मौजूद थीं. जमीन पर सफेद रंग का फ्लेम रिटार्डेंट फैला हुआ था और फायरफाइटर्स पानी की बौछार कर आग बुझा रहे थे. सैन डिएगो फायर की प्रवक्ता कैंडिस हैडली ने बताया कि आग बुझाने के लिए फायरफाइटर्स मौके पर मौजूद थे.
F-35B स्टील्थ फाइटर जेट का वर्टिकल लैंडिंग और शॉर्ट टेकऑफ करने वाला वर्जन है. इसकी कीमत करीब 109 मिलियन डॉलर है. अमेरिकी मरीन कॉर्प्स, नेवी और एयर फोर्स के पास कुल मिलाकर 630 से ज्यादा F-35 जेट हैं. इसे सेना के सबसे सुरक्षित और सक्षम फाइटर जेट्स में से एक माना जाता है. मरीन कॉर्प्स ने इस हादसे को क्लास A दुर्घटना करार दिया है, जो सबसे गंभीर श्रेणी होती है. यह तब लगाई जाती है जब नुकसान 20 लाख डॉलर से ज्यादा हो, विमान पूरी तरह नष्ट हो जाए या किसी सर्विस मेंबर की मौत हो जाए.