अभिजीत दीपके की तबीयत फिर बिगड़ी! समर्थकों से मिलते समय हुई उल्टी, डॉक्टर बुलाए गए

Amanat Ansari 01 Aug 2026 03:27: PM 1 Mins
अभिजीत दीपके की तबीयत फिर बिगड़ी! समर्थकों से मिलते समय हुई उल्टी, डॉक्टर बुलाए गए

छत्रपति संभाजीनगर: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की तबीयत शनिवार सुबह अचानक बिगड़ गई. वह अपने आवास की पार्किंग में समर्थकों से मुलाकात कर रहे थे, तभी उन्हें घबराहट हुई और उल्टी हो गई. जानकारी के अनुसार, दीपके सुबह करीब 11:45 बजे घर की पार्किंग में इंतजार कर रहे लोगों से मिलने नीचे आए.

इसी दौरान उन्हें बेचैनी महसूस हुई. वे घर के पिछले हिस्से में चले गए, जहां उन्हें उल्टी हुई. इसके बाद मीडियाकर्मियों से बात किए बिना वे सीधे घर की ऊपरी मंजिल पर चले गए. उनके पिता भगवान दीपके ने बताया कि बेटे की जांच के लिए डॉक्टरों को बुलाया गया है. गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दीपके ने कहा था कि उन्हें टाइफाइड हो गया है.

उन्होंने कहा था कि पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ हैं और नियमित रूप से आईवी ड्रिप दी जा रही है. बीमारी के बावजूद उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाला आंदोलन जारी रखने की बात कही थी. अभिजीत दीपके इन दिनों खासे चर्चा में हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया और मना करने पर धमकी दी गई. उनके पिता ने भी यूट्यूब वीडियो के जरिए धमकी मिलने का दावा किया था.

इससे पहले शिवसेना (उबाठा) के एमएलसी बच्चु कडू और अन्य नेताओं ने उनसे मुलाकात की. पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी फोन पर बात की और विपक्ष के समर्थन का आश्वासन दिया. ठाकरे ने उनकी मां से शादी की योजना के बारे में भी पूछा था.

Abhijeet Dipke Cockroach Janta Party CJP founder health update

Recent News