पटना: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के चीफ अभिजीत दीपके ने झारखंड में जेपीएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का साथ देने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि जल्द ही वे झारखंड पहुंचेंगे. मीडिया से बात करते हुए अभिजीत दीपके ने बताया कि कल रात उन्होंने छात्रों से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि वे उनके साथ हैं.
उन्होंने संघर्ष जारी रखने को कहा. दीपके ने कहा, ''जैसी ही मेरी तबीयत थोड़ी ठीक होगी, मैं वहां जाऊंगा. अभी टाइफॉइड है, इसलिए यात्रा में थोड़ी परेशानी है.'' रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्र अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भूख हड़ताल पर हैं. प्रदर्शनकारी 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, जेएसएससी-सीजीएल समेत विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच और भर्ती एजेंसियों में सुधार की मांग कर रहे हैं.
कुछ छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने सीआईडी जांच के आदेश दिए हैं, लेकिन छात्र इससे संतुष्ट नहीं हैं. वे कहते हैं कि पिछले कई सालों के पेपर लीक और घोटालों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अभिजीत दीपके के समर्थन से आंदोलन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.