E20 पेट्रोल पॉलिसी के खिलाफ AAP का विरोध: PM मोदी के आवास तक मार्च रोके जाने के बाद केजरीवाल और सिसोदिया ने दिया धरना

Amanat Ansari 04 Aug 2026 02:57: PM 1 Mins
E20 पेट्रोल पॉलिसी के खिलाफ AAP का विरोध: PM मोदी के आवास तक मार्च रोके जाने के बाद केजरीवाल और सिसोदिया ने दिया धरना

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत पार्टी नेताओं ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास की ओर मार्च निकालने की कोशिश की. वे E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ देशभर से जमा की गई 2.30 लाख से ज्यादा याचिकाएं सौंपना चाहते थे. लेकिन दिल्ली पुलिस ने फिरोज शाह रोड के पास उन्हें रोक दिया.

पुलिस ने साफ कहा कि 5, फिरोज शाह रोड से आगे किसी को नहीं जाने दिया जाएगा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे. रोक लगने के बाद केजरीवाल, सिसोदिया और अन्य कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. मार्च से पहले केजरीवाल ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि हम प्रधानमंत्री आवास जा रहे हैं. देशभर के करोड़ों वाहन मालिक E20 पेट्रोल से परेशान हैं.

AAP पिछले कुछ हफ्तों से E20 पेट्रोल के खिलाफ अभियान चला रही है. पार्टी ने इथेनॉल टाउन हॉल भी आयोजित किया था और राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया था. केजरीवाल ने पहले भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मुलाकात की मांग की थी. भाजपा ने इस प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की.

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग़ ने इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित और किसानों के हितों के खिलाफ बताया. उन्होंने कहा कि इथेनॉल मक्का, गन्ना जैसी फसलों से बनता है और यह किसानों की आय का जरिया है. कई देशों में दशकों से इसका इस्तेमाल हो रहा है और भारत में भी वैज्ञानिक तरीके से लागू किया गया है. E20 पेट्रोल को लेकर AAP का यह विरोध जारी है, जबकि केंद्र सरकार इसे पर्यावरण और किसानों के हित में बताती रही है. 

Arvind Kejriwal AAP E20 petrol Delhi Police

Recent News