25 lakh cash found at a Tantrik house in Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में झाड़-फूंक करने वाले एक तांत्रिक के घर पर जब पुलिस ने छापेमारी की तो, वहां जो कुछ भी मिला उसे देखकर पुलिस कर्मियों की आंखें फटी की फटी रह गई. वहीं आस-पास के लोगों में चर्चा तेज हो गई है कि मामूली झाड़फूंक करने वाले बाबा के पास इतना धन कहां से आ गया है. दरअसल, यहां एक तांत्रिक के घर से पुलिस को लाखों रुपए का कैश मिला है. साथ ही उसके घर से लाखों के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं.
बता दें कि तांत्रिक ने घर में खजाना छुपा रखा है, इस बात की जानकारी तब मिली जब उसकी तबीयत बिगड़ गई. स्थानीय लोगों को जानकारी होने पर पुलिस को जानकारी दी गई. पुलिस जब छानबीन की तो पता चला कि उसके घर में तो लाखों रुपए कैश रखे हुए हैं और भारी मात्रा में आभूषण भी जमा किए हुए है. फिर पूरे मामले का खुलासा हो सका और पुलिस ने कैश व आभूषण जब्त कर ली. साथ ही पुलिस आगे की जांच भी कर रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि झांड़-फूंक करने वाले तांत्रिक की तबीयत खराब हो गई. उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. वहीं तांत्रिक के पास कितना पैसा है और उसने पैसे को कहां रखा है? इस बात की जानकारी उसके दो शिष्याओं को थी. हालांकि तांत्रिक के धन पर उसके मकान मालिक की भी नजर थी. इसी बीच तांत्रिक की शिष्याओं और मकान मालिक के बीच पैसे को लेकर विवाद हो गया. मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया.
सूचना पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कैश और आभूषण को देखकर हैरान रह गई. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कीमती सामानों को कब्जे में ले लिया. इसी बीच वहां भारी संख्या में लोगों की भीड़ भी जुट गई. पुलिस के हाथों में लाखों के जेवरात और कैश देखकर हर कोई हैरान रह गए. वहीं मकान मालिक और शिष्याओं में विवाद की स्थिति बनी हुई है. सभी अपने-अपने दावे कर रहे हैं.