यूपी में 6 नए मेडिकल कॉलेजों को मिली मंजूरी, 2 अन्य मेडिकल कॉलेजों में बढ़ी सीटों की संख्या

Global Bharat 11 Sep 2024 06:54: PM 1 Mins
यूपी में 6 नए मेडिकल कॉलेजों को मिली मंजूरी, 2 अन्य मेडिकल कॉलेजों में बढ़ी सीटों की संख्या

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) ने राज्य में 6 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी है और साथ ही 2 अन्य मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ा दी है.

इसके तहत बिजनौर, बुलंदशहर, कुशीनगर, पीलीभीत, सुल्तानपुर, औरैया, चंदौली, गोंडा, लखीमपुर खीरी, कौशांबी, कानपुर देहात और ललितपुर में 100-100 सीटों वाले मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दे दी गयी है. इससे पहले, कानपुर देहात और ललितपुर में केवल 50-50 सीटों की स्वीकृति थी, जो अब बढ़ाकर 100 सीट कर दी गई है.

आपको बता दें, उत्तर प्रदेश ने एक साल से भी कम समय में 1200 मेडिकल सीटें प्राप्त की हैं, जिससे यह उपलब्धि हासिल करने वाला यूपी देश का पहला राज्य बन गया है. राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को सुधारने के प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में यह मंजूरी राज्य के चिकित्सा तंत्र को और मजबूत बनाएगी. नई सीटों की मंजूरी के बाद उत्तर प्रदेश में डॉक्टरों की संख्या में इजाफा होगा, जिससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा.

गोंडा मेडिकल कॉलेज के लिए 100 MBBS सीटों की स्वीकृति भी एक महत्वपूर्ण कदम है. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने 2024-2025 के शैक्षणिक सत्र से 100 MBBS सीटों को मंजूरी दी है.

मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने बताया कि इस फैसले से गोंडा जिले में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होगा. केंद्रीय सरकार ने नेशनल मेडिकल काउंसिल को इस संबंध में "नो ऑब्जेक्शन लेटर" जारी करने का निर्देश दिया है.

यह आदेश 7 अगस्त 2024 को कॉलेज द्वारा दायर दूसरी अपील के बाद आया है. 9 सितंबर 2024 को डिप्टी सेक्रेटरी (ME) डॉ. पूनम मीना ने यह निर्णय जारी किया, जिससे राज्य में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार सुनिश्चित हो सकेगा.

Recent News