नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में तनाव की स्थिति तब उत्पन्न हो गई, जब ग्रामीणों ने मिलकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को पीट दिया. पूरा मामला अयोध्या राम मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक पोस्ट से जुड़ा है.
दावा किया गया कि डौरी गांव निवासी राशिद नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा था, "जिस दिन भारत में कोई मुस्लिम प्रधानमंत्री बनेगा, उस दिन राम मंदिर को तोड़ दिया जाएगा." यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद बजरंग दल सहित अन्य हिंदू संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष शुभम प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता बाइकों पर सवार होकर डौरी गांव (नारखी थाना क्षेत्र) पहुंचे. आरोप है कि आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर बातचीत चल ही रही थी कि अचानक सैकड़ों की संख्या में भीड़ (जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं) ने उन्हें घेर लिया. विवाद बढ़ता गया और मारपीट शुरू हो गई.
बजरंग दल के कार्यकर्ता जान बचाकर खेतों की ओर भागे, लेकिन भीड़ ने उनका पीछा किया और उन पर पथराव किया. इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा. पुलिस ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया.
वरिष्ठ अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में फोर्स घटनास्थल पर भेजी, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई. स्थानीय सीओ अमरीश कुमार भी मौके पर पहुंचे और गहन जांच शुरू की.
एएसपी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि यह नारखी थाना क्षेत्र के डौरी गांव का मामला है, जहां सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया. एक पक्ष पोस्ट के विरोध में गांव पहुंचा था. दोनों पक्षों की बात सुनकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है.
घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता नारखी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के अनुसार, पथराव में कुल 3 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा.