नई दिल्ली: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. इस वीडियो में अयोध्या नगर पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा एक जिम मालिक को यह कहते हुए दिख रहे हैं कि उनके जिम में कोई मुस्लिम न तो ट्रेनिंग देने आएगा और न ही लेने. यह बयान तब सामने आया जब बजरंग दल के सदस्यों ने जिम में मुस्लिम ट्रेनर्स की मौजूदगी पर सवाल उठाए. इस घटना ने भोपाल में सांप्रदायिक तनाव को बढ़ा दिया है और पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला
यह घटना कुछ दिन पहले भोपाल के अयोध्या नगर इलाके में हुई. बजरंग दल के कार्यकर्ता एक जिम में पहुंचे और वहां काम करने वाले मुस्लिम ट्रेनर्स के बारे में पूछताछ करने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाया गया. मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा ने जिम मालिक को साफ शब्दों में कहा, “यहां कोई मुस्लिम न ट्रेनिंग देने आएगा और न लेने. मैंने तुम्हें स्पष्ट कर दिया है.” इस बातचीत का 40 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया. वीडियो के वायरल होने के बाद भोपाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया और दिनेश शर्मा के खिलाफ आंतरिक जांच शुरू की.
बीजेपी सांसद का समर्थन
इस विवाद में भोपाल के बीजेपी सांसद आलोक शर्मा ने सब-इंस्पेक्टर के बयान का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि मुस्लिम जिम ट्रेनर्स के खिलाफ शिकायतें मिल रही हैं और भोपाल में सभी जिम ट्रेनर्स की लिस्ट तैयार की जा रही है. आलोक शर्मा ने यह भी मांग की कि महिला क्लाइंट्स को सिर्फ महिला ट्रेनर्स ही ट्रेनिंग दें. उन्होंने कहा, “हम जल्द ही ट्रेनर्स की लिस्ट पुलिस को सौंपेंगे, और पुलिस कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगी. मध्य प्रदेश में मोहन यादव की सरकार है, यहां लव जिहाद या लैंड जिहाद नहीं चलेगा.”
बजरंग दल की भूमिका
बजरंग दल ने इस मामले को और तूल दिया. संगठन ने दावा किया कि इंदौर में हाल ही में गिरफ्तार मोहसिन खान, जो एक शूटिंग कोच था, ने हिंदू लड़कियों को निशाना बनाया था. उनके फोन में 150 से ज्यादा हिंदू लड़कियों से जुड़ा डेटा मिला. बजरंग दल ने मोहसिन को “हिंदू बेटियों को फंसाने वाला शिकारी” बताया. इस तरह की घटनाओं को लेकर बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठन भोपाल और मध्य प्रदेश के अन्य शहरों में जिम्स पर नजर रख रहे हैं.
लव जिहाद का मुद्दा
हाल के महीनों में मध्य प्रदेश में हिंदू महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाने वाली यौन शोषण की घटनाएं सामने आई हैं. पुलिस ने भोपाल और अन्य छोटे शहरों में ऐसे कई गिरोहों का पर्दाफाश किया है, जो कथित तौर पर हिंदू लड़कियों को दोस्ती के जाल में फंसाकर उनका यौन शोषण करते थे और फिर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करते थे. कुछ मामलों में पीड़िताओं पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी डाला गया. इन घटनाओं ने ‘लव जिहाद’ जैसे शब्द को और हवा दी है, जिसे हिंदू संगठन मुस्लिम पुरुषों द्वारा हिंदू महिलाओं को फंसाने की साजिश के रूप में पेश करते हैं.
पुलिस की कार्रवाई
वायरल वीडियो के बाद भोपाल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. सब-इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा को सक्रिय ड्यूटी से हटाकर पुलिस लाइंस में भेज दिया गया. भोपाल के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त महावीर सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच चल रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शर्मा ने ऐसा बयान क्यों दिया और क्या उनकी टिप्पणी से कोई सांप्रदायिक तनाव पैदा हुआ.